बिजली न आने पर रावण टीला बिजली घर पर प्रदर्शन करते लोग।
- फोटो : samvad
तापमान बढ़ने के साथ शहर के अलग-अलग इलाकों में विद्युत व्यवस्था चरमरा गई। देर रात बिजली कटाैती से गुस्साए लोगों ने रावणटीला बिजलीघर के बाहर जीटी रोड पर जाम लगा दिया।
रावणटीला बिजलीघर से जुड़े नाैरंगाबाद छावनी आदि इलाकों में रविवार को कई घंटे बिजली कटौती होने से लोगों को आवश्यक कार्यों को पूरा करने में परेशानी हुई। गुस्साए लोग देररात रावणटीला बिजलीघर पहुंच गए। हंगामा कर रोड पर जाम लगा दिया। हालांकि रात 11: 30 बजे बिजली आपूर्ति सुचारू होने पर लोगों का गुस्सा शांत हो सका।
उधर, दिन में रावणटीला सब स्टेशन से जुड़े डोरी नगर फीडर में केबल क्षतिग्रस्त होने आपूर्ति गुल हो गई। डी-सेंटर बिजलीघर से जुड़े खैर अड्डा, रामबाग कॉलोनी आदि में कई घंटे बिजली गुल रही। एलमपुर, बरौला व बारहद्वारी सब स्टेशन भी प्रभावित हुए। करीब ढाई घंटे बाद आपूर्ति सुचारू करा दी गई।
आदर्श नगर में ट्रांसफॉर्मर में खराबी आने से करीब तीन घंटे तक बिजली बाधित रही। अधीक्षण अभियंता उमेश चंद ने बताया कि लोकल फॉल्ट के चलते समस्या पैदा हुई थी, जिसे सही कराकर आपूर्ति को बहाल करा दिया गया।