लॉक डाउन के दौरान पानी के लिए परेशान भुजपुरा मुल्लापाड़ा के लोग।
- फोटो : CITY OFFICE
रमजान शुरू होने में एक सप्ताह शेष है, लेकिन भुजपुरा, मुल्लापाड़ा, मदीना कॉलोनी समेत अन्य इलाकों में हैंडपंप के हलक सूख गए हैं। वहीं, तीन दिन से आसिफ नगर व हमदर्द नगर-ए में लोग पानी के लिए तरस गए हैं।
सिविल लाइन क्षेत्र में हमदर्द नगर ए स्थित पानी टंकी से जमालपुर नगला, आसिफ नगर, नबीनगर में पेयजल की आपूर्ति 16 अप्रैल से बंद है, जिससे लोगों के सामने पानी का संकट खड़ा हो गया है। इन मोहल्लों में 20 हजार की आबादी है। इलाके कुतुबुद्दीन, साबिर अली, लियाकत अली ने अपनी समस्या समाजसेवी आगा यूनुस को बताई। उन्होंने जलकल विभाग के अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया और शीघ्र पेयजल की आपूर्ति की मांग की। उधर, मदीना कॉलोनी में नाले से निकाली गई सिल्ट सड़क पर फैल रही है, जिससे लोगों को आने जाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
पब्लिक की पीड़ा
मुल्लापाड़ा के मुश्ताक अब्बासी ने कहा कि गर्मी बढ़ते ही हैंडपंप जवाब दे गए हैं। पानी की अब किल्लत होने लगी है। आसिफ सैफी ने कहा कि रमजान से पहले हैंडपंप दुरुस्त हो जाए, ताकि रोजेदार परेशान न हों। भुजपुरा की तबस्सुम ने कहा कि पानी की परेशानी हो रही है। इधर-उधर से पानी का इंतजाम करना पड़ता है।