धान की रोपाई शुरू होने से 15 दिन पहले अतरौली का पीसीएफ उर्वरक केंद्र बंद होने से किसानों में गुस्सा है। केंद्र प्रभारी विनय कुमार सिंह को आगरा मुख्यालय अटैच कर केंद्र को सिर्फ गोदाम बना दिया गया है, जिससे यूरिया-डीएपी का वितरण पूरी तरह ठप है।
पीसीएफ द्वारा संचालित यह केंद्र अतरौली तहसील में सर्वाधिक किसानों को उर्वरक सप्लाई करता था। खरीफ सीजन में धान की नर्सरी तैयार होने के बाद अब रोपाई का समय नजदीक है। ऐसे में खाद न मिलने से किसान हेमंत गुप्ता, नरेंद्र राजपूत, अश्वनी शर्मा, जगवीर सिंह व संजीव शर्मा समेत कई किसानों ने एसडीएम से गुहार लगाई।
किसानों ने कहा कि केंद्र बंद होने से कालाबाजारी बढ़ेगी और फसल प्रभावित होगी। साधन सहकारी समिति गहतोली निर्मल के योगेंद्र यादव, सोनू आदि किसानों ने भी सोसाइटी पर वितरण में गड़बड़ी रोकने और व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की। किसानों ने चेताया कि यदि धान रोपाई से पहले वितरण शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन को बाध्य होंगे। क्षेत्र में खाद को लेकर किसानों में अभी से अफरा-तफरी का माहौल है।
एसडीएम ने तत्काल एआर कॉपरेटिव नागेंद्र सिंह से फोन पर वार्ता कर समस्या के समाधान के कराने को कहा। एआर कॉपरेटिव ने आश्वस्त किया कि वैकल्पिक व्यवस्था जल्द शुरू की जाएगी और किसी भी किसान को उर्वरक की कमी नहीं होने दी जाएगी।