पासपोर्ट सेवा केंद्र का जनपदवासी खूब फायदा उठा रहे हैं। लंबे समय से केंद्र खुलने के इंतजार में बैठे लोग अब अपॉइंटमेंट (सत्यापन) मिलने का इंतजार कर रहे हैं। आलम यह है कि पासपोर्ट सेवा केंद्र के खुलने के चार दिन के भीतर ही 500 से अधिक लोगों ने पासपोर्ट बनवाने को वेबसाइट पर आवेदन कर दिया है। अलीगढ़ पासपोर्ट कार्यालय में अपॉइंटमेंट के लिए लोगों को 10 दिसंबर के बाद का समय वेबसाइट पर दर्शाया जा रहा है।
28 नवंबर को पासपोर्ट सेवा केंद्र पर कामकाज शुरू हुआ था। तब से 30 नवंबर तक लगभग 150 आवेदकों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जा चुका है। मगर, शहरवासियों के उत्साह के चलते यहां आवेदकों की भीड़ दिन प्रतिदिन बढ़ती ही जा रही है। पहले जहां तीन से चार दिन की वेटिंग वेबसाइट पर दर्शायी जा रही थी। वह अब बढ़कर दस से अधिक की हो गई है।
इसी भीड़ को ध्यान में रखते हुए शुक्रवार को केंद्र का औपचारिक उद्घाटन करने आए शहर विधायक ने कहा था कि जल्द ही यहां 50 आवेदकों के प्रतिदिन सत्यापन के स्थान पर यह संख्या 100 से अधिक की कराई जाएगी, जिससे की लोगों को पासपोर्ट बनवाने के लिए लंबा इंतजार न करना पड़े। बता दें कि पासपोर्ट सेवा केंद्र के खुलने से एक सप्ताह पहले ही विभाग की वेबसाइट पर अलीगढ़ का नाम दर्शाने लगा था, जिसके चलते 250 से अधिक लोगों ने तभी पासपोर्ट के लिए आवेदन कर दिया था।