दिल्ली-हावड़ा रेलवे ट्रैक पर अलीगढ़ से प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ मेले में जाने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ गई है। कोहरे के कारण कई ट्रेन अपने निर्धारित समय से देरी से भी चल रही हैं। ऐसे में प्रयागराज जाने वाली ट्रेनों में इन दिनों भारी भीड़ का सामना यात्रियों को करना पड़ रहा है। ट्रेनें पूरी तरह से भरी देखी जा सकती हैं। कई ट्रेनों में प्रतीक्षा सूची 100 से 125 तक के पार पहुंच गई है।
परिजनों के साथ महाकुंभ मेले में जाने की इच्छा है, लेकिन किसी भी ट्रेन में सीट नहीं मिल पा रही है।- नवीन कुमार शर्मा, अतराैली
विज्ञापन
कुंभ मेले को लेकर रेलवे ने पर्याप्त ट्रेनें चलाने की घोषणा की थी, लेकिन अलीगढ़ से जाने वाली ट्रेनों की संख्या बेहद कम है। जिससे किसी भी ट्रेन में जगह नहीं मिल पा रही है।- अर्चना गुप्ता, प्रतिभा काॅलोनी
परिजनों के साथ महाकुंभ में जाकर पवित्र गंगाजल में डुबकी लगाने की इच्छा थी, लेकिन अगले महीने तक किसी भी ट्रेन में सीट नहीं मिल रही है। इससे प्रयागराज जा नहीं पा रहे हैं।- अमित गुप्ता, गभाना
प्रयागराज कुंभ मेले में जाने के लिए ट्रेनों में सीट नहीं मिल रही है। प्रतीक्षा सूची काफी लंबी है। काफी मुश्किल हो रहा है।- कुलदीप सिंह आर्य, सुमेरपुर
यात्री दबाव के कारण ट्रेनों की संख्या बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। कुंभ के लिए तमाम स्पेशल ट्रेनें भी चलाई जा रही हैं। कुछ ट्रेनों में कोच और कुछ के फेरे भी बढ़ाए गए हैं। हालांकि भीड़ अधिक होने के कारण प्रतीक्षा सूची भी काफी लंबी है। रेलवे के स्तर से फिर भी प्रयास किए जा रहे है कि यात्रियों की संख्या के आधार पर ट्रेनों का संचालन किया जाए।- अमित कुमार सिंह, जनसंपर्क अधिकारी, उत्तर मध्य रेलवे