भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं की पार्टी है। प्राइवेट कंपनी की तरह काम नहीं करती। सुनिश्चित मापदंड के आधार पर ही प्रत्याशियों का चयन होता है। टिकट पर अंतिम निर्णय केंद्रीय संसदीय बोर्ड करती है। अलीगढ़ से 7 एवं हाथरस से 22 लोगों ने उनके पास टिकट के लिए दावेदारी की है।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. पांडेय बुधवार को जीटी रोड स्थित रघुनाथ पैलेस में अलीगढ़ एवं हाथरस के कोर कमेटी के सदस्यों एवं महत्वपूर्ण नेताओं के साथ बैठक करने पहुंचे थे। हालांकि इस बैठक को अलीगढ़ एवं हाथरस के प्रत्याशियों के चयन से जोड़ कर देखा जा रहा है।
पत्रकारों से संक्षिप्त बातचीत में उन्होंने प्रदेश के सभी सांसदों की पीठ थपथपाई और कहा कि हमारे सांसदों ने अच्छा कार्य किया। पार्टी के निर्देश, लोक कल्याण, गरीबों का विकास एवं दूसरे विकास कार्यों में दिलचस्पी दिखाई। राज्य सरकार का भी जबर्दस्त योगदान रहा। 30 से 40 प्रतिशत सांसदों का टिकट कटने के सवाल पर उन्होंने दो टूक कहा कि टिकट पर अंतिम निर्णय केंद्रीय संसदीय बोर्ड करेगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा में प्रत्याशियों के चयन के लिए सुनिश्चित मापदंड है। सामाजिक योगदान, जीत का आधार, पार्टी के प्रति निष्ठा, सार्वजनिक छवि तथा कार्यकर्ता एवं जनता की स्वीकार्यता प्रत्याशी चयन का प्रमुख आधार है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव की घोषणा हो चुकी है। प्रथम एवं द्वितीय चरण में जहां मतदान है, वहां के लोकसभा क्षेत्र के कोर कमेटी के लोगों के साथ बैठक कर रहा हूं।
संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा करेंगे। चुनाव के दौरान कार्यकर्ताओं के मन में उत्कंठा रहती है कि कौन चुनाव लड़ेगा। यहां के नेता जो बात बताएंगे उसे केंद्रीय संगठन तक पहुंचाएंगे। एक सवाल के जवाब में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने बताया कि अलीगढ़ से 7 और हाथरस से 22 कार्यकर्ताओं ने अपना बॉयोडाटा उनके पास भेजा है। महानगर अध्यक्ष विवेक सारस्वत, विधायक संजीव राजा, अनिल पाराशर, शकुंलता भारती, ई. राजीव शर्मा, डॉ. निशित शर्मा आदि मौजूद थे।
दावेदारों के ‘वजन’ का अंदाजा लगाने पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष
लोकसभा चुनाव में टिकट की दावेदारी कर रहे भाजपा नेताओं के ‘वजन’ का अंदाजा लगाने प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय स्वयं अलीगढ़ पहुंच गए। जीटी रोड स्थित रघुनाथ पैलेस में मैन टू मैन बडे़ नेताओं से बात कर दावेदारों के‘वजन’ की थाह लगाने की कोशिश की।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्रनाथ पांडेय अचानक बुधवार को अलीगढ़ पहुंचे और अलीगढ़ के साथ हाथरस लोकसभा क्षेत्र के विधायक एवं नेताओं से अलग-अलग गुफ्तगू की। मंगलवार देर रात से लेकर बुधवार सुबह तक प्रदेश अध्यक्ष के आने की सूचना मिली। बैठक में कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण, शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह, ब्रज क्षेत्र के अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी के अतिरिक्त प्रदेश, क्षेत्रीय एवं जिले के महत्वपूर्ण पदाधिकारियों के अतिरिक्त विधायक एवं कुछ वरिष्ठ नेताओं को बुलाया गया था। प्रदेश अध्यक्ष ने पहले सामूहिक बैठक की और उसके बाद अलग-अलग नेताओं को बुलाकर बातचीत की। अलीगढ़ एवं हाथरस से टिकट की दावेदारी करने वाले अधिकतर नेता भी प्रदेश अध्यक्ष का दर्शन करने पहुंचे थे। कुछ दावेदार तो अपने समर्थकों के साथ पहुंचे थे। हालांकि प्रदेश अध्यक्ष ने किसी तरह का संकेत नहीं दिया। उन्होंने नेताओं को आश्वस्त किया कि वह उनकी भावनाओं को केंद्रीय संगठन तक पहुंचा देंगे। प्रदेश अध्यक्ष के पास पहुंचने वाले प्रमुख दावेदारों में सांसद सतीश गौतम, अनिल पाराशर, डॉ. संजय गोयल, ठाकुर श्यौराज सिंह, मुकुल उपाध्याय, ई. राजीव शर्मा, राहुल शर्मा, डॉ. राजीव अग्रवाल, सुनील पांडेय, लखपत सिंह आदि शामिल थे। पूर्व सांसद शीला गौतम के पुत्र राहुल गौतम एवं ठाकुर जयवीर सिंह के पुत्र अभिमन्यु सिंह कहीं नजर नहीं आए। जिला पंचायत अध्यक्ष उपेंद्र सिंह नीटू जरूर मौके पर मौजूद थे।
मैन टू मैन बातचीत....
विक्रम सिंह हिंडोल, मीना कुमारी, ऋषिपाल सिंह, चौधरी नत्थी सिंह, रघुराज सिंह, सुनील पांडेय, ओमप्रकाश नायक, संदीप चाणक्य, राजीव अग्रवाल, ई. राजीव शर्मा, डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह, निर्भय सिंह, उमेश कुमारी आदि।
बायोडाटा से अधिक लोग पहुंचे से मिलने
प्रदेश अध्यक्ष के पास अलीगढ़ से सात लोगों ने दावेदारी ठोकी है। उनका बायोडाटा प्रदेश अध्यक्ष के पास पहुंच गया है, लेकिन उससे अधिक दावेदार आशीर्वाद लेने पहुंचे थे।
हाथरस में 22 दावेदार...
हाथरस के सांसद राजेश दिवाकर भी पहुुंचे थे। पूर्व सांसद सारिका बघेल भी अपने पति के साथ पहुंची थी। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय का कहना है कि हाथरस से 22 लोगों ने दावेदारी ठोकी है। पूछे जाने पर कहा कि लोकतंत्र है। कोई भी दावेदारी कर सकता है। यह लोकतंत्र के लिए भी अच्छा है।
मडराक में प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत
आगरा से अलीगढ़ आ रहे प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय का स्वागत करने भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष मुकेश सिंह के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ता वाहनों से पहुंचे थे। सांसद सतीश गौतम, संदीप चाणक्य, गोपाल सिंह, गौरव शर्मा, चंद्रमणि कौशिक, राजीव शर्मा, हेमंत राजपूत, अर्पित तिवारी आदि स्वागत करने वालों में शामिल थे। रघुनाथ पैलेस में उद्योगपति रमेश चंद्र सिंघल ने प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया।