फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आधी आबादी की काबिलियत को ‘प्रथमा’ अवार्ड से नवाजा

Mon, 12 Mar 2018 02:12 AM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला अलीगढ़
विज्ञापन
सम्मानित करते मेयर मोहम्मद फुरकान, पूर्व एमएलसी विवेक बंसल,एडवोकेट गीतांजलि शर्मा। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विभिन्न क्षेत्रों में काबिलीयत से अपने नाम की पताका पहराने वाली नौ महिलाओं को ‘अमर उजाला प्रथमा’ अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह अवार्ड धर्मपुर कोर्टयार्ड में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में चिकित्सा, शिक्षा, लोकसेवा, व्यापार, सोशल वर्क, विज्ञान, कला एवं संस्कृति और खेल के क्षेत्र में उपलब्धि हासिल करने वाली महिलाओं को दिया गया।
विज्ञापन


रविवार रात रंगीन व जगमगाती लाइट में अपनी कड़ी मेहनत से लोगों के लिए प्रेरणादायी बन चुकीं डॉ. हमीदा तारिक (चिकित्सा), फिरदौस रहमान (समाजसेवा), आरती मित्तल (शिक्षा), महिमा मिश्रा (लोकसेवा), बदर जहां (कला व संस्कृति), अंजलि भटनागर ( रूप सज्जा), विभूति चौहान (उद्यमिता), अरीबा खालिद (खेल), सौम्या अग्रवाल (विज्ञान) को शॉल ओढ़ाकर, प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें मुख्य अतिथि मेयर मोहम्मद फुरकान, विशिष्ट अतिथि सुप्रीम कोर्ट की वरिष्ठ अधिवक्ता गीतांजलि शर्मा व पूर्व विधायक विवेक बंसल ने भेंट किया। शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। सुरभि अग्रवाल ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। इस मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए। 

रैंप पर कैटवॉक, भविष्य की योजनाएं गिनाईं
धर्मपुर कोर्टयार्ड में ‘स्टाइल दीवा’ नाम से रैंप पर युवतियों ने कैटवॉक किया। इसमें सोनिका सिंह प्रथम, शिवांगी सेंगर द्वितीय, साक्षी वार्ष्णेय तृतीय स्थान पर रहीं। बेस्ट वॉक में शिवांगी सेंगर, बेस्ट कॉस्टयूम में पूजा दिवाकर, बेस्ट टैलेंट में हिमानी ने बाजी मारी। निर्णायक डॉ. पूनम सारस्वत, निक्की अग्रवाल, हनी अरोरा रहीं। संचालन आरजे कशिश, कल्पना, शरद गुप्ता ने किया। प्रतिभागियों को सजाने और मेक ओवर कराने में लेक्मे ब्यूटी एंड स्टूडियो का विशेष सहयोग रहा। काजल धीरज को बुके देकर सम्मानित किया गया। वेस्टर्न आउफिट की ड्रेस से प्रतिभागियों को मुहैया कराने में शबाना का सहयोग किया।
विज्ञापन


रैली से जगाई जागरूकता की अलख
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में अमर उजाला की ओर से ‘अमर उजाला प्रथमा’ के तहत ‘वाक ए थॉन’ रैली धूमधाम से निकली। रैली को हरी झंडी दिखाकर उड़ान सोसाइटी के अध्यक्ष ज्ञानेंद्र मिश्रा ने रवाना किया। रैली के जरिये जागरूकता का अलख जगाई गई। रविवार की सुबह निकली रैली हाथरस अड्डे से राजुल नर्सिंग होम पर पहुंचकर संपन्न हो गई। रैली के बाद नर्सिंग होम में सेमिनार का आयोजन किया गया। डॉ. अंजुला भार्गव ने बताया कि ब्रेस्ट कैंसर से ज्यादातर महिलाएं अनजान हैं। डॉ. भार्गव ने कहा कि महिलाएं परिवार और समाज में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं, इसलिए उनकी अच्छी सेहत समाज की प्राथमिक जिम्मेदारी बनती है। उन्होंने सफल जीवन जीने के लिए संयमित जीवन शैली की सलाह दी। महिलाओं को ब्रेस्ट कैंसर की प्राथमिक अवस्था में पहचान व उपचार के संबंध में जानकारी दी गई। इस मौके पर पूजा सोमानी, कृष्णा गुप्ता, इशा गुप्ता, डॉ. अलका गर्ग, नीना जैन, नीता, साधना अग्रवाल, सुनीता, अर्चना कुलश्रेष्ठ, माधुरी अग्रवाल, शीलू गोयल, शुभा कौशिक आदि मौजूद रहे।

कार्यक्रम में सहयोगी 
- आश्रय कंसलटेंट, रामघाट रोड
- बेलौन वाले दिनेश ज्वैलर्स पीसी ज्वैलर्स, अलीगढ़
- राजुल नर्सिंग होम एंड आईवीएफ  सेंटर, सासनी गेट
- आस्था ब्यूटी केयर एंड ट्रेनिंग सेंटर
- लिथो कलर प्रिंटर्स, अचल ताल
- रेडियो पार्टनर करंट एफएम
- डिजिटल मीडिया पार्टनर एटी न्यूज
- वेन्यू पार्टनर धर्मपुर कोर्टयार्ड

नारी बगैर दुनिया     नहीं होती : मेयर
मुख्य अतिथि मेयर मोहम्मद फुरकान ने अमर उजाला का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि अमर उजाला नाम के अनुरूप कार्य कर रहा है। जो उजाला लुटाता है, वही अमर होता है। पूरी तारीफ अल्लाह के लिए है, लेकिन बगैर औरत की दुनिया बेकार है। दुनिया अधूरी होती है। महिलाओं का सम्मान सबको करना चाहिए। यही हर मजहब सिखाता है।
महिला कमजोर नहीं, मजबूत है : गीतांजलि
सुप्रीम कोर्ट की वरिष्ठ अधिवक्ता गीतांजलि शर्मा ने कहा कि नारी कोमल है, पर मजबूत है। नारी शक्ति को डरने की जरूरत नहीं है। वह साइकिल से लेकर लड़ाकू विमान तक उड़ा रही है। अलीगढ़ की प्रतिभाओं को तलाशने और तराशने की जरूरत है। इन प्रतिभाओं को एक मंच पर लाने का जो काम अमर उजाला ने किया है, वह सराहनीय है।
अवार्ड से बढ़ेगी स्वस्थ प्रतिस्पर्धा : बंसल
पूर्व विधायक विवेक बंसल ने कहा कि अपने-अपने क्षेत्र में मुकाम हासिल करने वाली बालिका, युवती व महिलाओं का सम्मान होना काबिले तारीफ है। इसके लिए अमर उजाला का भी शुक्रिया। इन्हें सम्मानित करते भी खुद को भाग्यशाली समझता हूं। इस अवार्ड से प्रेरणा और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी कि अगर डॉ. हमीदा तारिक डॉक्टर बन सकती हैं, तो मैं क्यों नहीं।

हेल्थ चेकअप कैंप में महिलाओं की जांची गई सेहत
सासनी गेट स्थित राजुल नर्सिंग होम पर महिलाओं के लिए हेल्थ चेकअप कैंप का आयोजन किया गया। महिलाओं के स्वास्थ्य की पूरी जांच की गई। कैंप में शहर ही नहीं, बल्कि हरदुआगंज, अतरौली, इगलास सहित दूर अंचलों से महिलाएं आई थीं। कैंप शुरू होने से पहले ही महिलाएं कैंप स्थल पर पहुंच गई थीं। यहां महिलाओं की सेहत जांची गई। डॉ. अंजुला भार्गव ने बताया कि कैंप में आईं महिलाओं को ब्रेस्ट कैंसर की संपूर्ण जांच कराने की सलाह दी गई। डॉ. भार्गव के साथ डॉ. विधि बख्शी, डॉ. फहमीदा व अन्य स्टाफ भी मौजूद रहा। कैंप में आईं महिलाओं ने बताया कि गरीब लोगों के लिए इस तरह का कैंप फायदेमंद साबित होता है। इसलिए ऐसे कैंप समय-समय पर होते रहना चाहिए। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें