गांव की सरकार के चुनाव की रणभूमि में उतरने वाले प्रत्याशी इस बार सोशल मीडिया में बेहद सक्रिय हैं। वह सोशल मीडिया को अपने प्रचार-प्रसार का हथियार बना रहे हैं। फेसबुक पर पेज, व्हाट्सएप पर ग्रुप बना कर दावेदारी ठोंक रहे हैं। उनकी हर गतिविधि, चुनावी वादे सीधे वोटरों के मोबाइल तक पहुंच रही है। इससे न सिर्फ उनका प्रचार-प्रसार कम समय में अधिक लोगों तक हो रहा है बल्कि युवाओं का समर्थन भी मिल रहा है। साथ ही चुनाव खर्च में भी कटौती हो रही है, क्योंकि यहां पर प्रसार-प्रचार के लिए कोई पैसा नहीं देना होता है। हालांकि, इससे प्रिंटिंग प्रेस कारोबार से जुड़े लोगों को थोड़ी मायूसी है। उम्मीदवार फ्लैक्स, बैनर, पोस्टर, पंफलेट कम छपवा रहे हैं, जिन्होंने ऑर्डर दिए हैं, वह चुनाव चिन्ह मिलने के बाद प्रचार सामग्री छपवाने की बात कर रहे हैं।
जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशी कर सकते हैं 1.50 लाख रुपये खर्च
चुनाव में प्रचार-प्रसार, गाड़ियों के खर्च, बैनर, फ्लैक्स, पोस्टर आदि खर्च को प्रत्याशी के खाते में जोड़ा जाएगा। जिला प्रशासन की ओर से सभी पद के प्रत्याशियों के लिए अलग-अलग अधिकतम खर्च की सीमा तय की गई है। जिला पंचायत सदस्य के प्रत्याशी को सर्वाधिक 1.50 लाख रुपये खर्च की छूट दी गई है। सबसे कम खर्च पर ग्राम पंचायत सदस्य पद के उम्मीदवार को चुनाव लड़ना होगा।
पद का नाम अधिकतम व्यय
सदस्य ग्राम पंचायत 10000
ग्राम प्रधान पंचायत 75000
सदस्य क्षेत्र पंचायत 75000
सदस्य जिला पंचायत 1.50 लाख
पिछले चुनावों की अपेक्षा कम आर्डर
विष्णुपुरी में फ्लैक्स प्वाइंट के नाम से प्रिंटिंग प्रेस का कारोबार करने वाले विकास कुमार ने बताया कि वर्तमान में आठ रुपये स्क्वायर फीट के हिसाब से फ्लैक्स तैयार हो रहा है। अभी प्रत्याशी चुनाव चिन्ह का इंतजार कर रहे हैं। प्रत्याशियों की ओर से आर्डर मिले हैं। मगर, पिछले चुनावों की अपेक्षा ऑर्डर कमी है।
सोशल मीडिया आज के समय में सबसे बड़ा हथियार है अपनी बात को जन-जन तक पहुंचाने का, इसलिए चुनाव प्रचार के लिए इस प्लेटफार्म पर प्रचार किया जा रहा है। बेटे बलदेव चौधरी ने सोशल मीडिया पर प्रचार की कमान संभाल रखी है।
लक्ष्मी देवी, उम्मीदवार जिला पंचायत सदस्य, वार्ड-32
चुनाव में कम पैसा खर्च हो और जनता तक अपने चुनावी वादों को पहुंचाया जा सके। युवाओं को अपने साथ अधिक संख्या में जोड़ा जा सके। इसके लिए सोशल मीडिया जैसे फेसबुक, व्हाट्सएप पर चुनाव प्रचार अभियान छेड़ दिया है।
- शीलू ठाकुर, प्रधान पद उम्मीदवार, लोधा
सोशल मीडिया के प्रचार-प्रसार पर भी निगाह रखी जा रही है। प्रत्याशियों को सख्त हिदायत है कि वह चुनाव खर्च की सीमा से अधिक व्यय न करें। साथ ही अवैध रूप से शराब, पैसा बांटना भी अपराध है। - विधान जायसवाल, उप जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत)