छर्रा विकास खण्ड गंगीरी की ग्रामसभा नौगवां में 6 अगस्त को हुए ग्राम प्रधान पद के लिए उपचुनाव के बाद 8 अगस्त की प्रात: 8 बजे से कस्बा छर्रा स्थित विकास खण्ड गंगीरी के सभागार कक्ष में मतगणना शुरू हुई। मतगणना उपरान्त पूर्व प्रधान किशन पाल उर्फ भोला की पत्नी व प्रत्याशी मुन्नी देवी ने निकटतम प्रतिद्वंदी अनिल कुमार को 316 वोटों से हराकर ग्राम प्रधान पद पर जीत हासिल की।
ग्राम प्रधान के पद के लिए 3498 मतदाताओं में से 2339 मतों का प्रयोग किया। जिसमें मुन्नी देवी को 1278, अनिल कुमार को 962, अंकुल यादव को 21, जयप्रकाश को सात, रंजना देवी को 10 मत प्राप्त किये। विजयी प्रत्याशी मुन्नी देवी को उपजिलाधिकारी अनिल कटियार, चुनाव अधिकारी एआर कॉपरेटिव कृष्ण कुमार, जिला विकास अधिकारी आलोक आर्य ने प्रमाण पत्र सौंपा। मतगणना के समय ईआरओ संजीव सिंह, क्षेत्राधिकारी छर्रा रविशंकर प्रसाद, कोतवाली निरीक्षक छर्रा बालेन्द्र सिंह मय फोर्स के मतगणना स्थल पर मौजूद रहे।
जीत के बाद परिसर में घुसे समर्थक, सीओ ने हडकाकर निकाला गेट से बाहर
मुन्नी देवी की जीत के बाद समर्थक फूल माला लेकर परिसर में घुस आये। जिसको देखकर गुस्साये क्षेत्राधिकारी छर्रा रविशंकर प्रसाद ने हड़काते हुए फोर्स से समर्थकों को गेट के बाहर कराया।
लोधा ब्लॉक की ग्राम पंचायत दुनाई
लोधा ब्लॉक की ग्राम पंचायत दुनाई में हुए उप चुनाव में ग्राम प्रधान पद पर मुकेश 233 मतों से विजयी हुए हैं।