पीला रंग मिलाकर बना रहे थे पकौड़े, एफडीए ने पकड़ा
- फोटो : Amar Ujala
रेलवे स्टेशन पर यदि ब्रेड पकोड़े, समोसे, पकौड़े खाते हैं, तो सावधान हो जाएं। यहां अखाद्य रंग मिलाकर बने बेसन के आइटम मिलते हैं। खराब मसालों को खाद्य सामग्री में मिलाया जा रहा है।
मंगलवार को इसका खुलासा तब हुआ, जब खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रेलवे स्टेशन के पास मधु नगर एवं श्याम नगर में छापे मारे। टीम ने सभी वस्तुओं के सैंपल भरे और रंग मिलाकर बनाए बेसन को फेंकवाया।
रेलवे स्टेशन पर पकौड़े, समोसे, पूड़ी-सब्जी आदि अधिकृत ठेकेदार श्याम नगर व मधु नगर में छोटे दुकानदार एवं होटलों पर बनवाते हैं। यहां सस्ते दामों पर घटिया क्वालिटी का सामान बनाया जाता है, जो स्टेशन पर यात्रियों को महंगे दामों पर बेचा जाता है। इसकी सूचना पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दोनों स्थानों पर छापा मारा।
मधु नगर स्थित नीरज जैन के प्रतिष्ठान से बेसन का पेस्ट, रंग एवं मसालों के सैंपल लिए। यही के कौशल की दुकान से बेसन पेस्ट, रंग व खुली मिर्च, श्याम नगर के गणेश की दुकान से वनस्पति घी, मसाले, श्री हरि भोजनालय के स्वामी राकेश के यहां से सब्जी, श्रीराम भोजनालय से दही, एक अन्य प्रतिष्ठान से कटी ब्रेड का सैंपल भरा गया।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मेंद्र द्विवेदी ने बताया कि इन सभी स्थानों पर बेसन का पेस्ट दूषित पाया गया तो मसालों और अखाद्य रंग भी पाया गया है। सैंपल भरकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।