फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पाकिस्तान परस्त जयचंद और गद्दारों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाईः श्रीकांत

Sat, 23 Feb 2019 08:05 PM IST
Vikas Kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
विज्ञापन
श्रीकांत शर्मा - फोटो : File Photo
विज्ञापन

प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने कहा है कि देश के शहीद सैनिकों के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी करने वालों को चाहे वह छात्र हो, या कोई अन्य, किसी भी कीमत पर बक्शा नहीं जाएगा। कानून उन्हें सजा देगा। सीमा के इस पार कुछ ऐसे जयचंद और गद्दार हैं जिनको सबक सिखाने की जरूरत है। 

विज्ञापन


यह बात श्रीकांत शर्मा ने शनिवार को कोल विधानसभा क्षेत्र के गांव कोछोड़ में बने नए बिजलीघर पर सात नए बिजली घरों के लोकार्पण और एक बिजली घर के शिलान्यास समारोह के अवसर पर कही। उन्होंने कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने के सवाल पर कहा कि अनुच्छेद 370 और राम मंदिर भाजपा के मुख्य मुद्दे हैं। इसके लिए पार्टी लगातार काम कर रही है। इससे पूर्व उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि सिर्फ अलीगढ़ में ही उनके द्वारा 661.17 करोड़ रुपये के काम कराए गए हैं। 2570 मजरों और गांवों तक बिजली पहुंचाई गई है। 298 किलोमीटर की लाइन एरियल बंच कंडक्टर के माध्यम से बिछाई गई है। 306 किलोमीटर की लाइन पुरानी हटा कर नई बिछाई गई है। 143 किलोमीटर की लाइन 11 केवी की बिछाई गई है। 37 किलोमीटर नई लाइन बिछाई गई है। उन्होंने कहा कि किसानों को दिन में निर्बाध बिजली मिल सके इसके लिए जिले के 69 फीडरों में से 46 फीडर अलग किए गए हैं। अन्य फीडरों को भी 15 अप्रैल तक अलग कर दिया जाएगा। इससे पहले उन्होंने जिले में सात नए बिजलीघरों का लोकार्पण किया गया। इसमें कोल तहसील के कोछोड़ व पड़ियावली, बरौली में साधु आश्रम, चिलकौरा और देवसैनी, खैर में डेटा सैदपुर, छर्रा में पिलखना शामिल हैं। नाहौटी बिजली घर का शिलान्यास किया गया है। 

ऊर्जा मंत्री ने पुलवामा हमले का जिक्र करते हुए कहा कि 1947 से पुलवामा तक पापी पाकिस्तान की वजह से हमारे 80 हजार नागरिक और सैनिक मारे जा चुके हैं। यह बड़े अफसोस की बात है कि आज भी कुछ लोग यहीं की आब ओ हवा में सांस लेते हैं। यहीं दफन होते हैं लेकिन पाकिस्तान के गीत गाते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने ऐसे लोगों की सुरक्षा वापस लेकर इनको हतोत्साहित करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर पाक परस्ती बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सोशल मीडिया पर सघन नजर रखी जा रही है। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश में अब तक किए गए कार्य और होने वाले कार्यों के विषय में विस्तार से बताया। 
विज्ञापन


कार्यक्रम में एटा सांसद राजवीर सिंह, सांसद सतीश गौतम, शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिंह, राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त ठा. रघुराज सिंह, विधायक संजीव राजा, कोल विधायक अनिल पाराशर, खैर विधायक अनूप प्रधान, जिलाध्यक्ष ठा. गोपाल सिंह, महानगर अध्यक्ष विवेक सारस्वत ने भी संबोधित किया। इस अवसर भाजपा के वरिष्ठ नेता श्योराज सिंह, अश्वनी सिंह, नत्थी सिंह, भाजयुमो के महानगर अध्यक्ष निखिल माहेश्वरी, पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य नत्थी सिंह, जयंत तोमर, उदयवीर सिंह लोधी, जिला उपाध्यक्ष चंद्र मणि कौशिक, दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एसके वर्मा, मुख्य अभियंता मुकुल सिंघल, अधीक्षण अभियंता ग्रामीण धर्मेंद्र सारस्वत आदि अन्य अधिकारी व स्थानीय नागरिक मौजूद थे। संचालन भाजपा नेता योगेंद्र सिंह लालू ने किया। भाजपा किसान मोर्चा के सिद्धपाल सिंह, प्रबल प्रताप सिंह, अशोक कुमार, सत्यकांत भारद्वाज, संतोष तिवारी व अन्य पदाधिकारियों ने ऊर्जा मंत्री का स्वागत किया।  

सरकारी विभागों से बकाया वसूलेंगे
कार्यक्रम के बाद ऊर्जा मंत्री ने पत्रकारों से कहा कि पावर कारपोरेशन पर जो हजारों करोड़ रुपये का बकाया है, उसकी भरपाई करने के लिए सरकारी विभागों पर जो बकाया राशि है उसे वसूलने के लिए अभियान चलाया जाएगा। इससे निश्चित रूप से राजस्व वृद्धि होगी। जब उनसे पूछा कि क्या वह अलीगढ़ लोकसभा सीट से चुनाव के लिए दावेदारी करेंगे, तो वह बिना कोई टिप्पणी करे ही रवाना हो लिए।  

 

विज्ञापन

एसई शहर का कीमती मोबाइल चोरी

कार्यक्रम में अधीक्षण अभियंता शहर एसवी पाल भी मौजूद थे। सभा स्थल पर मौजूद किसी असामाजिक तत्व ने एसवी पाल का कीमती आईफोन चोरी कर लिया। इस बात का पता उनको कार्यक्रम समाप्त होने के बाद पता चला। फोन को कार्यक्रम स्थल पर तलाश करने की कोशिश की गई लेकिन वह नहीं मिला। जब उस पर काल किया तो वह बंद पाया गया। 

कार्यक्रम के बाद ग्रामीणों ने घेरा
कोछोड़ बिजली घर पर कार्यक्रम समाप्त होने के बाद ग्रामीण अपनी विभिन्न समस्याएं लेकर वहां पर आ गए और उन्हें मंत्री के समक्ष रखने लगे। उनका आरोप था कि अधिकारियों ने सिर्फ बड़ी बड़ी बातें बताई हैं लेकिन यहां पर जमीनी हालात यह हैं कि कहीं पर खंभा नहीं लगा है तो कहीं तार नहीं बिछे हैं। इस बीच धक्का मुक्की होने लगी। जिसके बाद सुरक्षा कर्मियों ने ऊर्जा मंत्री को वहां से सुरक्षित निकाला

एसडीओ के खिलाफ ज्ञापन दिया
भाजपा किसान मोर्चा ब्रज क्षेत्र कार्यकारिणी के सदस्य ठा. राकेश सिंह ने किसानों की समस्याओं को लेकर एसडीओ बौनेर की शिकायत ऊर्जा मंत्री से की। उन्होंने इस संबंध में एक ज्ञापन सौंपा जिसमें कहा गया कि संबंधित एसडीओ किसानों और गरीबों के साथ बेहद अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हैं। अपने आफिस के अनावश्यक चक्कर लगवाते हैं। साथ ही अन्य प्रकार से हितों की पूर्ति करने की कहते हैं। इस अवसर पर महेश चंद्र बघेल, एमपी पाठक, सुखराम, मनवीर सिंह, अतुल शीषपाल, गेंदालाल, कैलाश आदि मौजूद थे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें