पेंटर श्मशाद खान एक घर में पुताई का काम कर रहे थे। मकान मालिक ने छत पर जा रही हाई टेंशन लाइन को बंद बताकर पेंटर को छत पर चढ़ा दिया। छत पर पेंटर उस हाई टेंशन लाइन की चपेट में आ गया।
अलीगढ़ में थाना बन्नादेवी क्षेत्र के एलमपुर गढ़िया में 28 जुलाई को हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर रंगाई-पुताई का काम करने वाले पेंटर की माैत हो गई। वह घर की दूसरी मंजिल पर रंगाई-पुताई का काम कर रहा था। परिजनों ने मकान स्वामी पर आरोप लगाया है कि मना करने के बाद भी हाईटेंशन लाइन बंद होने की बात कहकर जबरन उसे छत पर चढ़ाया था।
विज्ञापन
थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के मोहल्ला हमदर्द नगर निवासी शमशाद (45) 28 जुलाई को एलमपुर गढ़िया स्थित एक घर की दूसरी मंजिल पर रंगाई-पुताई का काम कर रहे थे। इस दौरान छत के पास से होकर गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए।
साथ में काम कर रहे मजदूर उन्हें लेकर पहले निजी अस्पताल ले गए। चिकित्सकों ने उन्हें जेएन मेडिकल काॅलेज के लिए रेफर कर दिया। यहां शमशाद ने दम तोड़ दिया। सीओ बन्नादेवी कमलेश कुमार ने बताया कि परिजनों की ओर से मकान स्वामी के खिलाफ तहरीर दी है। मामले में जांच कराई जा रही है।