छर्रा कस्बे में अतरौली रोड पर लगी वाहनों की कतार।
- फोटो : samvad
छर्रा की मंडी में धान की भरमार होने से सड़कों पर जाम लग रहा है। इससे व्यापारी और राहगीर परेशान हैं। वहीं, स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों को जान जोखिम में डालनी पड़ रही है। मंडी में आने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉली और ट्रकों के कारण जाम के हालात ऐसे हैं कि बाजारों में ग्राहक नहीं पहुंच रहे हैं। इससे व्यापारी हाथ पर हाथ धरे बैठे रहते हैं।
विद्यार्थी अपने अभिभावकों के साथ स्कूलों में पैदल ही जा रहे हैं। स्कूटर व बाइक के लिए रास्ता नहीं मिल पा रहा है। मंडी परिसर के आसपास रहने वाले लोग भी परेशान हैं। अभिभावकों का कहना है कि इस समस्या से निजात दिलाने के लिए नगर पंचायत और पुलिस भी सक्रिय नहीं है। मंडी सचिव दिलीप सिंह ने बताया कि जाम की स्थिति को देखते हुए शीघ्र ही दो गेट के अलावा तीसरे अस्थाई गेट की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही वाहनों के आने का समय निर्धारित किया जाएगा, ताकि जाम की समस्या से राहत मिल सके।
- व्यापारी अंकुर गुप्ता ने बताया कि पूरे दिन जाम के चलते ग्राहकों का आना कम हुआ है। साथ ही सामान लेने जाने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
- व्यापारी मनोज शर्मा ने बताया कि घंटों जाम के कारण दुकान पर खाली बैठे रहते हैं। बच्चों को छोड़ने के लिए पैदल चलकर स्कूल जाना पड़ता है।