कोरोना की तीसरी लहर से बचाव के लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सोमवार को कलक्ट्रेट में समीक्षा बैठक हुई। इसमें तय हुआ कि जिले की सभी सीएचसी और पीएचसी में ऑक्सीजन वार्ड तैयार किए जाएंगे। प्रत्येक सीएचसी-पीएचसी पर इन वार्डों की संख्या कम से कम 6 रहेगी। साथ ही डीएम ने निर्देश दिए कि जिले की सभी सीमाओं से लेकर रोडवेज बस अड्डा और रेलवे जंक्शन पर बाहर से आने वालों की जांच की जाए। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं होगी।
कलक्ट्रेट परिसर के सभागार में हुई बैठक में डीएम चंद्रभूषण सिंह ने निर्देश दिए कि पिछले 12 से 14 दिनों के अंदर कोई को पॉजिटिव केस जिले में नहीं आया है। इसको बरकरार रखना है। जनपद के सभी बॉर्डर, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड एवं अन्य जगहों पर भी कोविड जांच गंभीरता से की जाए। महाराष्ट्र, केरल व पूर्वोत्तर के अन्य प्रदेशों से आने वालों को कोरोना जांच रिपोर्ट लाना अनिवार्य किया गया है। इसके बिना किसी को भी जिले में प्रवेश नहीं दिया जाए।
सीएमओ को निर्देश दिए कि सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, मलखान सिंह जिला अस्पताल, महिला अस्पताल, पंडित दीनदयाल संयुक्त चिकित्सालय में ओपीडी तथा इमरजेंसी पूर्ण रूप से क्रियाशील की जाएं। कोरोना की संभावित तीसरी लहर को देखते हुए सभी सीएचसी, पीएचसी पर कम से कम 6 वार्ड ऑक्सीजन युक्त तैयार किए जाएं, जो पीकू वार्ड बनाए गए हैं, उनको पूर्ण रूप से तैयार कर लिया जाए। टीकाकरण के कार्य में प्रगति लाई जाए, इसमें लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।