कोरोना काल में ऑक्सीजन की किल्लत सामने आने के बाद प्रशासनिक स्तर पर सरकारी अस्पतालों में ऑक्सीजन जेनरेटर प्लांट की स्थापना का काम तेजी से किया जा रहा है। पीएम केयर फंड से लगाए जाने वाले इन प्लांट के लिए मंडल के चारों जिलों अलीगढ़, हाथरस, एटा और कासगंज में जमीन तलाश ली गई है। मंडलायुक्त गौरव दयाल की ओर से प्रस्ताव शासन को भेज दिया है। वहां से मंजूरी मिलने के बाद प्लांट स्थापना का काम शुरू कर दिया जाएगा।
मंडलायुक्त गौरव दयाल ने बताया कि अलीगढ़ के दीनदयाल संयुक्त चिकित्सालय के प्रशासनिक ब्लाक के सामने दो हजार स्क्वायर फिट में प्लांट की स्थापना की जाएगी। इसके अलावा, हाथरस में बागला संयुक्त चिकित्सालय में दो हजार स्क्वायर फिट में प्लांट की स्थापना की जाएगी।
एटा के बागवाला अस्पताल और कासगंज के जिला अस्पताल में दो-दो हजार स्क्वायर फिट में प्लांट की स्थापना की जाएगी। इसका प्रस्ताव शासन को भेज दिया है। उन्होंने बताया कि पीएम केयर फंड से सरकारी अस्पतालों में जेनरेटर ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना के लिए पैसा जारी हुआ है। इसको लेकर शासन ने भूमि उपलब्ध कराने का निर्देश दिया था। इसके बाद जमीन की तलाश कर शासन को प्रस्ताव भेज दिया गया है।