ऑक्सीजन की आपूर्ति कराने में नाकाम हो रहे शासन-प्रशासन ने शुक्रवार देर रात सख्त गाइडलाइन जारी की। प्रशासन ने स्वीकार किया कि जिले में ऑक्सीजन की कालाबाजारी हो रही है। इसके चलते यह सख्ती की गई है। अब होम आइसोलेशन मेें भर्ती गंभीर मरीजों की संख्या चाहे जो भी हो, सिर्फ 50 मरीजों को ही पहले आओ, पहले पाओ की रणनीति के तहत ऑक्सीजन गैस राधा इंट्रस्ट्रियल गैस, कासिमपुर से दोपहर 12 से 2 बजे के बीच मिलेगी।
इसके लिए जिस डॉक्टर से इलाज चल रहा है, उसका पूरा विवरण व आधार कार्ड की छाया प्रति सुबह 8 से 9 बजे के बीच देनी होगी, जिससे उन्हें टोकन मिल सके। टोकन पहले आए 50 व्यक्तियों को मिलेगा, जबकि 500 से अधिक कोरोना संक्रमित होम आइसोलेशन में हैं। जीएमडीआईसी श्रीनाथ पासवान को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा, जिले के गैर कोविड अस्पतालों को 150 ऑक्सीजन सिलिंडर की आपूर्ति की जाएगी।
डीएम की ओर से जारी किए गए आदेशों के मुताबिक, उन्होंने जनता से अपील की गई कि वह अनावश्यक रूप से ऑक्सीजन सिलिंडर अपने घर में न रखें। उसे अस्पताल को दें, ताकि अस्पताल उसे रिफिल करवाकर जरूरतमंद मरीजों का इलाज कर सके। जिले में ऑक्सीजन की कमी नहीं है, लेकिन लोग कालाबाजारी, जमाखोरी कर रहे हैं, इसलिए काल्पनिक रूप से इसकी कमी दिख रही है।
आदेश दिए हैं कि प्राइवेट कोविड हॉस्पिटलों को ऑक्सीजन सिलेंडर प्रदान करने के लिए हॉस्पिटल पर जिला प्रशासन द्वारा तैनात प्रशासनिक व स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी के निरीक्षण की आख्या, ऑक्सीजन सिलिंडर की जरूरत के हिसाब से प्रस्ताव तैयार होगा। इसी के आधार पर आवंटन किया जाएगा।
इधर, निजी गैर कोविड हॉस्पिटल को ऑक्सीजन सिलिंडर लेने के लिए मरीज भर्ती रजिस्टर की फोटोकॉपी व लेटर हेड पर विवरण देना होगा, जिसमें उनके यहां कितने मरीज भर्ती हैं और कितने मरीज को ऑक्सीजन की आवश्यकता है। इसके अनुसार सिलिंडर लेने के लिए हॉस्पिटल का पंजीकृत कर्मचारी पूरे विवरण के साथ सिटी मजिस्ट्रेट के पास कार्यालय में कागज जमा करेंगे। उसी के आधार पर ऑक्सीजन सिलिंडर वितरित किए जाएंगे।
गैर कोविड निजी हॉस्पिटल को एक दिन में अधिकतम 150 ऑक्सीजन सिलिंडर दिए जाएंगे। जिसमें पहले आओ, पहले पाओ की नीति के आधार पर मरीजों के स्वास्थ्य के आधार पर ही सिलिंडर दिया जाएगा। सख्त निर्देश दिया कि प्राइवेट हॉस्पिटल अनावश्यक तौर पर भंडार न करें। होम आइसोलेशन वाले 50 मरीजों को राधा गैस इंडस्ट्रीज कासिमपुर से सिलिंडर 12 बजे से 2 बजे के बीच दिया जाएगा।
ऑक्सीजन की किल्लत के बीच तमाम प्रयास किए जा रहै हैं, जिससे कि ऑक्सीजन की कमी से किसी भी मरीज की मौत न हो। कुछ लोगों द्वारा कालाबाजारी, जमाखोरी की शिकायतें भी मिल रहीं हैं, इसको लेकर अलीगढ़ में नियम सख्त किए गए हैं।
- गौरव दयाल, मंडलायुक्त