टमकौली में ग्रामीणों को संबोधित करते सांसद सतीश गौतम
- फोटो : GABHANA
राष्ट्रीय पंचायत राज दिवस का जिले भर की सभी ग्राम पंचायतों में रविवार को आयोजन हुआ। इस अवसर पर ग्राम पंचायतों में खुली बैठकों के आयोजन के साथ विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। उधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जम्मू-कश्मीर के पल्ली ग्राम पंचायत से किए गए संबोधन कार्यक्रम का भी सजीव प्रसारण किया गया। इसी क्रम में ब्लॉक खैर के गौमत गांव में राजस्व राज्यमंत्री अनूप प्रधान, ब्लॉक जवां के गांव टमकौली में सांसद सतीश गौतम, लोधा ब्लॉक के देवसैनी में एमएलसी चौधरी ऋषिपाल सिंह, धनीपुर ब्लॉक के भूड़ा किशनगढ़ी में कोल विधायक अनिल पाराशर, गड़राना में छर्रा विधायक ठा. रवेंद्रपाल ने राष्ट्रीय पंचायत दिवस की विशेष बैठकों में प्रतिभाग किया। इस मौके पर सभी ब्लॉक प्रमुखों ने विभिन्न ग्राम पंचायतों में राष्ट्रीय पंचायत दिवस की विशेष बैठकों में भाग लिया। यहां विकास के नौ बिंदुओं गरीबी मुक्त गांव, स्वस्थ गांव, बाल हितैषी गांव, पर्याप्त जलयुक्त गांव, स्वच्छ और हरा भरा गांव, आत्मनिर्भर बुनियादी ढांचे वाला गांव, सामाजिक रूप से सुरक्षित गांव, सुशासन वाला गांव, महिला हितैषी गांव का संकल्प लिया। इनमें से तीन थीमों पर संकल्प का प्रस्ताव पारित किया गया। डीपीआओ धनंजय जायसवाल ने बताया कि एक मई तक पंचायती राज सप्ताह मनाया जाएगा। प्रत्येक ग्राम पंचायतों में बैठक की जाएंगी एवं विशेष स्वच्छता अभियान चलेगा। सरकार के निर्देश पर गांवों में ग्रामीणों को ठोस, तरल अपशिष्ट प्रबंधन के लिए जानकारी दी जाएगी और कार्य योजना तैयार कर उसे अमलीजामा भी पहनाया जाएगा। यहां किसानों के क्रेडिट कार्ड भी बनाए जाएंगे।
किसानों को दी योजनाओं की जानकारी
सरकार की ओर से किसानों के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जाती हैं, लेकिन जागरूकता एवं जानकारी के अभाव में उन्हें योजनाओं का समुचित लाभ नहीं मिल पाता है। इसको लेकर रविवार को पंचायत राज विभाग ने पंचायत भवन में कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के सहयोग से किसान सभा का आयोजन किया। यहां किसानों को उपलब्ध विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान उनका प्रधानमंत्री सम्मान निधि, प्रधानमंत्री किसान मन-धन, किसान क्रेडिट कार्ड आदि योजनाओं में पंजीकरण किया गया। कॉमन सर्विस सेंटर के जिला प्रबंधक विष्णु कांत व राहुल पांडेय ने बताया कि 25 अप्रैल से एक मई तक जिले के विभिन्न गांवों में किसानों को जागरूक करने के लिए किसान सभा का आयोजन किया जा रहा है। जिसमे प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, पशुधन एवं अन्य योजनाओं के बारे में जागरुक किया जाएगा। 27 अप्रैल को केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र तोमर किसानों से वार्ता करेंगे। इसका जिले के सभी ब्लॉक मुख्यालयों, कॉमन सर्विस सेंटरों पर सजीव प्रसारण किया जाएगा।