अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय की आनलाइन एलुमनी मीट में एलुमनी डायरेक्टरी का विमोचन करते एएमयू क?
- फोटो : CITY OFFICE
एएमयू मेरे खून में शामिल हैं। मिंटो सर्किल से पढ़ाई करने के बाद इंजीनियरिंग में दाखिला लिया और जो कुछ भी एएमयू में कक्षा के अंदर और उसके खूबसूरत परिसर में सीखा इसने मेरी सोच और करियर को आकार देने में अहम भूमिका निभाई है। ये बातें कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय, सांताक्रूज, यूएसए के डॉ. हसन कामिल ने कहीं। वह एएमयू के पूर्व छात्र सम्मेलन-2021 के ऑनलाइन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे।
ड़ॉ. हसन ने उच्च शिक्षा पर कोविड-19 के प्रभावों पर चर्चा करते हुए कहा कि उच्च शिक्षा का परिदृश्य लगातार बदल रहा है। पिछले साल कोविड महामारी ने छात्रों को प्रभावित किया। उनके समक्ष यह प्रश्न पैदा होने लगा कि कॉलेज का भविष्य कैसा होगा। ‘कई नए रुझान हैं जो सामने आए हैं, जिनसे अंदाजा होता है कि भविष्य में और अधिक बदलाव होंगे। ‘सबसे बड़ा बदलाव ऑनलाइन लर्निंग का बनना है। स्कूल, सामुदायिक कालेज, व्यापार पाठ्यक्रम और सभी प्रकार के शैक्षणिक संस्थान इस बदलाव से प्रभावित हो रहे हैं ।
डॉ. हसन कामिल ने कहा कि कोविड संकट के चलते कई विश्वविद्यालयों में फंड की कमी हुई है, लेकिन महामारी ने शिक्षा और शिक्षण के क्षेत्र में नए तकनीकी नवाचारों का मार्ग प्रशस्त किया है। कुछ विश्वविद्यालय पूरी तरह से ऑनलाइन चल रहे हैं, जबकि कुछ ने ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों तरीकों को अपनाया है। उन्होंने जोर दिया कि जो विश्वविद्यालय नई तकनीक को अपनाएंगे वे सफल होंगे जबकि अन्य विश्वविद्यालय पीछे रह जाएंगे। कुलपति प्रोफेसर तारिक मंसूर ने कहा कि पूर्व छात्र हमारे ब्रांड एंबेसडर हैं और उन्होंने संकट के समय हमेशा अपनी मातृ संस्था की मदद की है।
महबूब-उल-हक ने पूर्वोत्तर भारत में गरीबों के लिए शिक्षा का द्वार खोल दिया है, जबकि नूरुल हसन एक उत्कृष्ट शैक्षणिक रिकॉर्ड के साथ एक उत्कृष्ट आईपीएस अधिकारी हैं। उन्होंने कहा कि एएमयू एल्युमिनाई डायरेक्टरी-2020 उन्हें एक परिवार की तरह अपने पूर्व छात्रों से जुड़ने में मदद करेगी। कुलपति ने एल्युमिनाई डायरेक्टरी का विमोचन किया। विशिष्ट अतिथि जामिया मिलिया इस्लामिया की कुलपति प्रोफेसर नजमा अख्तर ने कहा कि पूर्व छात्र अपनी मातृ संस्था से बहुत प्यार करते हैं। मातृ संस्था से भावनात्मक लगाव किसी भी ब्रांड में सबसे बड़ा होता है।
इसमें गर्व और कृतज्ञता की भावनाएं और यादें शामिल होती हैं। उद्योगपति व पूर्व एएमयू छात्र तारिक चौहान ने कहा कि एएमयू की शिक्षा ने उनमें नैतिक मूल्यों का विकास किया और उन्हें दृढ़ संकल्प के साथ काम करना सिखाया, जिससे उन्हें कठिन समय में खड़े होने में हमेशा मदद मिली। पूर्व छात्र मामलों की समिति के अध्यक्ष प्रो. एमएम सूफियान बेग ने कहा कि डायरेक्टरी में देश और शहर के वर्णमाला क्रम में नामों को वर्णमाला क्रम में शामिल किया गया है। इसकी सौ प्रतियां प्रकाशित की गई हैं और यह ऑनलाइन भी उपलब्ध है।