50 की जगह 3 मजदूर काम करते देख भड़के अधिकारी
- फोटो : नगर निगम
अलीगढ़ में खैर रोड से नादापुल चौराहे के बीच बन रही ढाई किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण में 50 की जगह सिर्फ तीन मजदूर काम करते मिले। लगभग 22 करोड़ रुपये की लागत से बन रही सड़क का यह हाल देख कर नगर आयुक्त भड़क गए। उन्होंने निर्माण कार्य की जांच व पैमाइश करने के आदेश दिए। कार्यदायी संस्था को नोटिस जारी किया गया है।
मुख्यमंत्री-ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट (सीएम ग्रिड) योजना के तहत 22 करोड़ रुपये से वार्ड नंबर 11, 15 और 34 में खैर रोड स्थित हीरा लाल की पुलिया से नादापुल चौराहे तक 2.56 किलोमीटर लंबी सड़क बनाई जा रही है। सोमवार इसका निरीक्षण करने पहुंचे नगर आयुक्त को मौके पर 50 की जगह मात्र तीन मजदूर काम करते मिले। यह देख उनका पारा चढ़ गया। उन्होंने कार्यदायी संस्था के ठेकेदार और विभागीय अभियंताओं को फटकारा। कहा कि इसी सुस्ती का परिणाम है कि महत्वपूर्ण सड़क दो-तीन माह में मात्र आठ फीसदी ही बन सकी है। सड़क निर्माण में कम से कम 50 मजदूर लगाए जाएं, ताकि काम तेजी से हो सके। फर्म निर्माण साइड पर टेस्टिंग लैब व ऑफिस बनवाए। शनिवार को फिर इसी सड़क की समीक्षा होगी।
एक साइड का काम पहले पूरा करें
सड़क बना रही कंपनी पीपीएस बिल्डर्स को नोटिस जारी करते हुए आरसीसी और सड़क निर्माण की गुणवत्ता के जांच का आदेश भी दिया। नगर आयुक्त ने अपने सामने सड़क को खुदवाया और उसकी गहराई की पैमाइश करवाई। मौके पर बार-बार लग रहे जाम को देखते हुए उन्होंने इंजीनियर को एक साइड का काम खत्म करने के बाद दूसरी ओर काम कराने को कहा। सुरक्षा के लिए बैरीकेड लगाने को कहा।
ठेकेदार को लगाई फटकार
नगर आयुक्त ने सीएम ग्रिड योजना के तहत बन रही गूलर रोड, खैर रोड, आईटीआई रोड, रेलवे रोड का नाला और फुटपाथ निर्माण कार्यों की समीक्षा की। धीमी गति पर पीपीएस के ठेकेदार को जमकर फटकारा।