स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रशिक्षण लेने वाले 18 वर्ष से कम आयु के प्रशिक्षणार्थियों और शौकिया खिलाड़ियों के लिए अब ऑफलाइन पंजीकरण की व्यवस्था पूरी तरह समाप्त कर दी गई है। नकद शुल्क पर पूरी तरह रोक लग गई है। खिलाड़ियों का पंजीकरण अब केवल खेल साथी पोर्टल पर विकसित किए गए एथलीट पंजीकरण फॉर ट्रेनिंग मॉड्यूल के माध्यम से ही किया जाएगा।
नई व्यवस्था के तहत खिलाड़ी स्वयं खेल साथी पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण करेंगे और निर्धारित विभागीय शुल्क भी ऑनलाइन ही जमा करेंगे। मॉड्यूल में विभागीय लेखा शीर्षक को एकीकृत किए जाने के कारण जमा होने वाला विभागीय राजस्व सीधे ई-कोषागार/ई-राजकोष में दर्ज एवं जमा होगा।
खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति के खाते में जमा की जाने वाली निर्धारित धनराशि भी अब नकद नहीं ली जाएगी। संबंधित जनपद द्वारा संचालित अधिकृत बैंक खाते में यह राशि क्यूआर कोड या अन्य ऑनलाइन माध्यम से जमा कराई जाएगी। इसके लिए संबंधित कार्यालय स्थानीय प्रशासन और बैंक से समन्वय स्थापित कर अधिकृत क्यूआर कोड प्राप्त करेंगे और खिलाड़ियों को शुल्क जमा करने के लिए उपलब्ध कराएंगे।
ऑफलाइन पंजीकरण पर रोक
जिला क्रीड़ा अधिकारी पूनम लता ने बताया कि स्टेडियम में प्रशिक्षणार्थी या शौकिया खिलाड़ी का ऑफलाइन पंजीकरण नहीं किया जाएगा। खिलाड़ी के ऑनलाइन पंजीकरण के बाद संबंधित कार्यालय द्वारा आवेदन स्वीकार करने और निर्धारित शुल्क प्राप्त होने पर खेल साथी पोर्टल पर उसका आईडी कार्ड स्वतः जनरेट होगा। खिलाड़ी इसे पोर्टल से स्वयं डाउनलोड कर सकेगा। यही पहचान-पत्र स्टेडियम में प्रवेश और प्रशिक्षण के लिए अनिवार्य होगा।