कर्तव्यपालन में लापरवाही बरतने पर एसएसपी नीरज जादौन ने खैर के थाना प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार को निलंबित कर दिया है। उनके साथ डायल-112 में तैनात दो पुलिसकर्मियों को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। तीनों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, कोतवाली खैर के प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार पर महिला संबंधी अपराध के मामले में अभियोग पंजीकृत करने में लापरवाही का आरोप है। उन पर कर्तव्य के प्रति शिथिलता बरतने का भी आरोप है। पीड़ित इसकी शिकायत लेकर एसएसपी तक पहुंच रहे थे। एसएसपी स्तर से उन्हें कई बार चेतावनी भी दी गई थी। लेकिन चेतावनी के बाद भी कोई सुधार नहीं हुआ। सीओ खैर की रिपोर्ट के आधार पर थाना प्रभारी के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है।
डायल-112 में तैनात मुख्य आरक्षी रामपुत्र और आरक्षी उमेश कुमार को भी निलंबित किया गया है। उन पर ड्यूटी के दौरान नैतिक दायित्व से हटकर संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त होने का आरोप है। दोनों पर कर्तव्य में लापरवाही बरतने का भी आरोप है। उनके खिलाफ भी विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। सीओ खैर का प्रभार देख रहे सीओ इगलास कमलेश कुमार ने इसकी पुष्टि की है।