झांसी। नवप्रवर्तन इवेंट स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन ग्रांड फिनाले में बीआईईटी (बुंदेलखंड अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान) की टीम विजेता बन गई है। जालंधर की लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में हुए फिनाले में बीआईईटी की टीम ने राजस्थान सरकार के तकनीकी विभाग द्वारा बताई गई समस्या का तकनीकी समाधान बताया था।
देशभर में फिनाले के लिए कई सेंटर बने थे। इसमें बीआईईटी की टीम का भी चयन हुआ था। टीम में शामिल श्रेया पाल, प्रिंस कुमार, प्रिंस कुमार साहू, रोहित चौरसिया, उत्कर्ष पंत, अनूप सिंह लगातार दो दिन तक समस्या का तकनीकी समाधान दे रहे थे। अब वो विजेता बन गए हैं। वह एक इंटेलिजेंट प्लेटफॉर्म विकसित कर रहे थे, जो प्रौद्योगिकी संस्थान के पुरातन और मौजूदा छात्रों के बीच जोड़ने का काम करेगा। संस्थान के नवाचार परिषद की अध्यक्ष प्रो. शहनाज अयूब ने कहा कि स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन में विजेता बनना संस्थान के लिए गौरव की बात है। समस्या का जो समाधान टीम ने बताया है, उसे बीआईईटी में भी लागू किया जाएगा।