कस्बे में सराफा कारोबारी से बुधवार को हुई लूट में शनिवार को पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से लूट के 9,200 रुपये व तमंचा बरामद हुआ है। अन्य तीन युवकों की तलाश की जा रही है।
गांव रामनगर निवासी अजीत यादव की दादों में यादव ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। बुधवार की रात को वह दुकान बंद कर कार से गांव लौट रहे थे। रास्ते में गांव हुसैनपुर के समीप कार सवार चार बदमाशों ने उनकी कार रुकवा ली। शीशा तोड़कर तमंचा दिखाते हुए दो बैग छीन लिए। उसमें सोने-चांदी के आभूषण व दुकान की चाबियां रखी थीं। इसके बाद बदमाश अपनी कार से भाग गए। शनिवार को गिरधरपुर पुलिया के पास चदियांना मार्ग से गौरव निवासी गनेशपुर चौराहा थाना अतरौली को गिरफ्तार किया है। युवक ने लूट की घटना को स्वीकारा है। पूछताछ में उसने अपने तीन साथियों राहुल यादव, देवेश यादव उर्फ लुक्का, जयकिशन उर्फ जैक्सन उर्फ अजय के नाम भी उजागर किए हैं। थाना प्रभारी सरिता द्विवेदी ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। शेष की तलाश की जा रही है।