बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा 9 अगस्त को जिले में 22 केंद्रों पर दो पालियों में होगी। बृहस्पतिवार को डीएम चंद्रभूषण सिंह और एडीएम सिटी राकेश कुमार मालपाणी ने शिक्षा व प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने परीक्षा को नकल विहिन और कोरोना के नियमों को ध्यान में रखते हुए कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर सभी प्रकार के इलोक्ट्रॉनिक उपकरण व आसपास की फोटो स्टेट की दुकानों पर प्रतिबंद रहेगा। केंद्रों पर पानी, सीसीटीवी, बिजली, शौचालय के साथ ही सोशल डिस्टेसिंग, मास्क, सैनिटाइजर आदि व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखा जाए। बीएड प्रवेश परीक्षा दो पालियों में होगी।
9 अगस्त को प्रथम पाली प्रात: 09: 00 से 12: 00 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक होगी। परीक्षा को संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद उप्र के नियमों-निर्देशों के अनुरूप निर्विघ्न, नकलविहीन व शांतिपूर्वक सकुशल कराने की सभी तैयारियां नोडल अधिकारी, प्रधानाचार्य/केंद्र व्यवस्थापक तथा सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट पूरी कर लें। दिशा-निर्देशों व आदेशों को भली-भांति पढ़ लें।
किसी भी प्रकार की यदि कोई कमी हो तो उसको समय रहते दुरुस्त कर लिया जाए। केंद्र पर परीक्षार्थी को किसी भी प्रकार का मोबाइल, कैलकुलेटर, सभी प्रकार के इलेक्ट्रानिक्स गैजेट्स पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेंगे। केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहेगा। बैठक में सीडीओ अनुनय झा, एसपी सिटी अभिषेक झा, सिटी मजिस्ट्रेट विनीत कुमार सिंह, डीआईओस धर्मेंद्र शर्मा आदि मौजूद रहे।