कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा है कि आजादी के बाद कांग्रेस ने गरीबी मिटाने का नारा दिया। उन्होंने गरीबी की एक रेखा खींच दी और कहा कि आप इस रेखा के नीचे रहकर आवास, शौचालय, पेंशन, राशन की बात करना। लेकिन शिक्षा, नौकरी व गरीबी की रेखा से ऊपर आने की बात न करना। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 60 वर्ष तक राज किया। बसपा, सपा ने गरीबी मिटाने के नाम पर वोट लिया, लेकिन सत्ता में रहते हुए इन्होंने कुछ नहीं किया। आज सभी विपक्षी पार्टियां जातीय जनगणना की मांग कर रही हैं, लेकिन अपने कार्यकाल के दौरान किसी ने जातिगत जनगणना पर ध्यान नहीं दिया।
मोदी सरकार में आयुष्मान कार्ड बना, जिससे गरीब से गरीब व्यक्ति भी अच्छे अस्पताल में मुफ्त इलाज पा रहा है। उन्होंने कहा कि अहेरिया जाति का व्यक्ति जाति प्रमाणपत्र के लिए तरस रहा है। बंजारा समाज के हित में कोई बोलने व सुनने वाला नहीं है। इनकी समस्याओं के बारे में मुख्यमंत्री से वार्ता की गई है। उन्होंने कहा कि पहले अलीगढ़ में दंगे हुआ करते थे। पश्चिमी उत्तर प्रदेश दंगे की चपेट में रहा करता था। आज प्रदेश में योगी की सरकार है। सात वर्षों में एक भी दंगा नहीं हुआ है, कहीं कर्फ्यू नहीं लगा।