होली के त्योहार को देखते हुए जिले में अब बिना नमक ही राशन का निशुल्क वितरण होगा। डीएम सेल्वा कुमारी जे. ने एसडीएम व पूर्ति निरीक्षकों को आदेश दिया है कि वे अपनी देखरेख में राशन में गेहूं, चावल, तेल व चना आदि का वितरण कराएं।
डीएसओ शिवाकांत पांडेय ने बताया कि जिले में राशन की 1343 दुकानें हैं। जिनसे करीब साढ़े छह लाख कार्ड धारक उपभोक्ताओं को राशन मिलता है। इनमें 334 दुुकानों पर इस बार नमक नहीं भेजा जा सका है। इससे इन दुकानों पर सरकार की निशुल्क राशन वितरण व्यवस्था प्रभावित हो रही थी और राशन नहीं बंट पा रहा था। केंद्र व प्रदेश सरकार की ओर से कार्डधारकों को माह में दो बार राशन मिलता है। राशन में गेहूं-चावल के साथ रिफाइंड, चना व नमक का आवंटन किया जाता है। उन्होंने बताया कि इस बार नमक की आपूर्ति नहीं हो सकी है। ऐसे में कार्डधारकों को गेहूं, चावल, तेल व चना का लाभ भी नहीं मिल रहा था। डीएम सेल्वा कुमारी जे. को जब इस मामले की जानकारी हुई तो उन्होंने इसका संज्ञान लेते हुए सभी दुकानों पर नमक के बिना ही राशन का वितरण कराने के निर्देश दिए हैं।