गोरखपुर से दिल्ली जा रही गोरखधाम एक्सप्रेस का मंगलवार सुबह कुलवा-सोमना स्टेशन के पास ओएचई (ओवर हेड इलेक्ट्रॉनिक) का तार व पेंटो टूट गया। इससे दिल्ली-हावड़ा रूट पर गोरखधाम एक्सप्रेस के साथ ही संगम एक्सप्रेस के पहिये जहां के तहां थम गए। तकनीकी खराबी को दूर करने के बाद सवा दो घंटे बाद दोनों ट्रेनें गंतव्य को रवाना की गईं।
गोरखपुर से दिल्ली जा रही गोरखधाम एक्सप्रेस जैसे ही सुबह 03:43 बजे कुलवा स्टेशन पार कर सोमना स्टेशन के पास पहुंची, तभी एक तिरपाल ट्रेन के इंजन के पेंटो पर फंस गया। इससे ओएचई के तार के साथ ही पेंटो भी टूट गया। पायलट ने इसकी जानकारी कंट्रोलर को दी। मौके पर इंजीनियर व तकनीकी सहायकों की टीम पहुंच गई। इसी बीच संगम एक्सप्रेस को भी रास्ते में रोक दिया गया। इस दौरान यात्रियों को बेहद दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बच्चे भूख, प्यास से परेशान नजर आए। स्टेशन अधीक्षक डीके गौतम ने बताया कि करीब सवा दो घंटे बाद 06:02 बजे तकनीकी खराबी को दूर होने के बाद दोनों ट्रेनों को गंतव्य को रवाना किया गया।