तहसील क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट व जलनिकासी नहीं होने और जमीन पर कब्जे की समस्या को लेकर बृहस्पतिवार को किसान सेना के पदाधिकारियों ने धरना प्रदर्शन किया। एसडीएम गभाना को ज्ञापन दिया।
बृहस्पतिवार को किसान सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अवनीत पवार के साथ दर्जन भर से अधिक पदाधिकारी तहसील पर पहुंच गए और गेट पर बैठकर धरना प्रदर्शन करने लगे। मंडल अध्यक्ष जितेंद्र यादव ने बताया कि तहसील क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर तहसील प्रशासन को पहले भी अवगत कराया गया था, लेकिन आज तक किसी भी समस्या का समाधान नहीं हो सका। उन्होंने एसडीएम विनीत मिश्रा को समस्याओं को लेकर ज्ञापन दिया।
ज्ञापन में कहा गया है कि महरावल रेलवे स्टेशन पर बने नए अंडरपास से रियाज काॅलोनी तक स्ट्रीट लाइट लगवाई जाए। गांव पंजीपुर के प्राथमिक विद्यालय में छात्र को पीटने का वीडियो वायरल हुआ था, इसमें कार्रवाई की जाए। पंजीपुर में जलनिकासी का इंतजाम किया जाए। तेजपुर में एक जमीन पर कब्जे की शिकायत पर कार्रवाई की जाए। इस दौरान मोहम्मद समी, अफरोज खान, पप्पू अलवी, सद्दाम हुसैन, राहुल यादव, तारावती बघेल आदि मौजूद रहे।