कस्बे के पुराने बाजार स्थित एक बंद मकान को चोरों ने बुधवार की देर रात अपना निशाना बनाया। उस वक्त घर वाले बेटी की शादी करने के लिए पहासू गए थे। चोरों ने घर की दीवार कूद कर कमरे व अलमारी का ताला तोड़ कर डेढ़ लाख रुपये की नकदी और जेवर चोरी कर लिए।
कस्बा निवासी आनंद सक्सेना की बेटी प्रियंका की शादी बुधवार को कस्बा पहासू बुलंदशहर में थी। पूरा परिवार बुधवार की शाम को घर का ताला बंद कर बेटी की शादी करने चला गया था। उसी दिन देर रात चोरों ने घर की दीवार को फांद कर कमरे व अलमारी का ताला तोड़ दिया। 1.50 लाख रुपये की नकदी, सोने का पेंडल, दो सोने की अंगूठी, दो जोड़ी सोने के कुडंल, पांच जोड़ी चांदी की पायजेब, बिछुआ, साड़ी आदि सामान चोरी कर लिया।
पड़ोसियों ने सुबह घर के कमरे खुले देख कर उन्हें सूचना दी। सूचना पर परिवार पहासू से चंडौस पहुंचा। चोरी हुए सामान की जानकारी दी। सूचना पर चंडौस थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। उन्होंने आसपास के सीसीटीवी कैमरे जांचे, लेकिन कुछ पता नहीं चला। पीड़ित ने पुलिस को चोरी की तहरीर दी है। पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच चल रही है।
घर का कुत्ता नहीं भोंका
चोरों की आहट से घर में घूम रहे पालतू कुत्ते की कोई आवाज नहीं आई। इससे ये शक हो रहा है कि घटना में कोई जान पहचान का व्यक्ति शामिल हो सकता है।