थाना क्षेत्र के एक गांव में धान की पौध रोप रहीं महिलाओं के साथ शराब के नशे में कुछ युवकों ने अश्लीलता कर दी। विरोध करने करने पर महिलाओं को पीटा। बीच-बचाव करने आए एक युवक का सिर फाड़ दिया। महिलाओं ने थाने में तहरीर दी है।
कस्बा के बाईपास रोड पर स्थित एक खेत में धान की पौध रोपने आईं महिलाओं का आरोप है कि खेत के पास बनी एक झोपड़ी में रविवार दोपहर तीन बजे कुछ युवक शराब पी रहे थे। युवक उन्हें देखकर अश्लील टिप्पणी, गंदे इशारे कर रहे थे। जब उन्होंने विरोध किया तो मारा-पीटा। इस दौरान साथी युवक बीच-बचाव करने आया तो आरोपियों ने फोन कर आठ-दस लोग और बुला लिए। बचाव करने आए युवक का सिर फाड़ दिया। पुलिस ने घायल का चिकित्सीय परीक्षण कराया है। थाना प्रभारी निरीक्षक बृजपाल सिंह का कहना है कि तहरीर मिल गई है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।