होली का त्योहार सकुशल निपटने के बाद मंगलवार शाम एसएसपी कलानिधि नैथानी शहर के भ्रमण पर निकले। इस दौरान सवा आठ बजे सासनी गेट चौराहे के पास ठेके के पास लोग खुले में शराब पी रहे थे। एसएसपी की गाड़ी देखकर भाग गए। इस तरह की घटनाओं पर अंकुश के लिए एसएसपी ने ऑपरेशन आवारा चलाने के निर्देश दिए हैं। वहीं, इस घटना के लिए थाना पुलिस को जिम्मेदार मानते हुए जांच के निर्देश दिए हैं।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार वाकया शाम सवा आठ बजे करीब का है। एसएसपी सासनी गेट से निकल रहे थे, तभी चौराहे के बराबर के ठेके पर लोग खुले में शराब पी रहे थे। पुलिस वाहन व सायरन देख वे भाग लिए। इसे लेकर एसएसपी ने माना है कि इंस्पेक्टर सासनी गेट, चौकी प्रभारी सासनी गेट व बीट सिपाही की लापरवाही है। तभी तो लोग यहां आए दिन इस तरह शराब पीते होंगे। उन्होंने तीनों के खिलाफ विभागीय जांच एसपी सिटी को सौंपी है और रिपोर्ट तलब की है।
साथ में सभी थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी और बीट सिपाहियों को निर्देशित किया गया कि वे सुनिश्चित कर लें कि किसी भी क्षेत्र में इस तरह खुले में लोग शराब पीते न पाए जाएं। ऐसे लोगों के खिलाफ ऑपरेशन आवारा चलाकर कार्रवाई की जाए। शाम को 6 से 10 बजे तक ऑपरेशन आवारा के तहत रेंडम कार्रवाई की जाए। एससएपी ने कहा है कि ऐसे व्यक्तियों की इन हरकतों से समाज के वृद्धजनों, महिलाओं को परेशानी होती है और बच्चों पर गलत प्रभाव पड़ता है। इसलिए यह कार्रवाई जरूरी है।
तीन सर्किल में नए सीओ किए गए तैनात
अलीगढ़। एसएसपी ने दो सीओ के गैर जनपद तबादले के बाद जिले के तीन सर्किलों में नए सीओ तैनात किए हैं। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार सीओ प्रथम प्रशांत के तबादले के बाद उनके स्थान पर सीओ द्वितीय राघवेंद्र सिंह को सीओ प्रथम बनाया है। वहीं गैर जनपद से आईं सीओ गीतांजलि सिंह को सीओ द्वितीय बनाया गया है। सीओ खैर/एएसपी विकास कुमार के तबादले के बाद उनके स्थान पर मथुरा से आए शिवप्रताप सिंह को नया सीओ खैर बनाया गया है।