होली हो और ठंडाई न बने, ऐसा कैसे हो सकता है। साल दर साल ठंडाई पर महंगाई की मार बढ़ती जा रही है। जिससे इसकी ठंडक गरम हो रही है। इसमें पड़ने वाले काजू, बादाम, पिस्ता, केसर, भांग सहित हर चीज के दाम बढ़ गए हैं। एक मार्च से दूध और उससे बनने वाले उत्पादों पर भी तेजी आ गई है।
ब्रज क्षेत्र के करीब अलीगढ़ में ठंडाई का अपना अलग ही मजा है। लोग घरों में ठंडाई बना कर इसका आनंद उठाते हैं। पिछली साल की तुलना में इस बार ठंडाई में पड़ने वाले दूध, दही से लेकर काजू, बादाम, किशमिश, केसर, इलायची सहित अन्य चीजों पर महंगाई का असर बढ़ा है। दुकानदारों का कहना है कि पिछले साल की तुलना में ठंडाई के सामान बीस प्रतिशत तक महंगे हुए हैं। बादाम 700 रुपये, काजू 900 रुपये, पिस्ता 1200 रुपये किलो तो सौ ग्राम खसखस 350 रुपये की है। सभी के दाम पिछली साल की तुलना में बीस प्रतिशत तक बढ़ गए हैं।
रेडीमेड ठंडाई के पैकेट की भी मांग
बाजार में ठंडाई के रेडीमेड पैकेट भी उपलब्ध हैं। किराना कारोबारी नितिन नानवानी ने बताया कि रेडीमेड ठंडाई के पैकेट 100 से शुरु होकर करीब 350 रुपये तक उपलब्ध है, जिसकी मांग है। जिन लोगों को ठंडाई बनानी नहीं आती उनके लिए पैकेट से ठंडाई बनाना आसान है।
होली पर लंबे अरसे से घर पर ठंडाई बनाते आ रहे हैं। साल दर साल इसका सामान महंगा हो रहा है। इस बार ठंडाई काफी महंगी पड़ रही है। दूध से लेकर मेवे तक सब महंगा है।
-प्रांजुल गर्ग, गूलर रोड
होली पर ठंडाई का मजा ही अलग होता है। घर में बनी ठंडाई सबसे शुद्ध होती है। इस बार बादाम, काजू, पिस्ता, क्रीम सब पर मंहगाई है। जिससे लोगों में थोड़ी मायूसी है।
-अंकित वार्ष्णेय, जयगंज
दूध से लेकर मेवे तक सब महंगा
खाद्य पदार्थ अब पहले
बादाम 700 रुपये प्रतिकिलो 600 रुपये प्रतिकिलो
काजू 900 रुपये प्रतिकिलो 800 रुपये प्रतिकिलो
खसखस 350 रुपये (पैकेट) 300 रुपये (पैकेट)
केसर 100 रुपये (डिब्बी) 80 रुपये (डिब्बी)
पिस्ता 1200 रुपये प्रतिकिलो 1150 रुपये प्रतिकिलो
किशमिश 300 रुपये किलो 250 रुपये किलो
दूध 52 रुपये लीटर 44 रुपये लीटर
क्रीम 300 रुपये किलो 240 रुपये किलो