पं. दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय में अब ऑक्सीजन के अभाव में मरीजों की जान नहीं जाएगी। ऑक्सीजन प्लांट अस्पताल परिसर में पहुंच गया है। यह प्लांट पेटीएम फाउंडेशन के सहयोग से लगाया जा रहा है।
कोरोना की दूसरी लहर (अप्रैल-मई 2021) के दौरान ऑक्सीजन के अभाव में बहुत सारे मरीजों ने दम तोड़ दिया था।
अलीगढ़ ही नहीं बल्कि प्रदेश एवं देश में ऑक्सीजन के अभाव में बड़ी संख्या में लोगों की जान गई थी। उसी समय अस्पतालों में ऑक्सीजन प्लांट लगाने का निर्णय लिया गया था, ताकि ऑक्सीजन के अभाव में किसी की जान न जाए। पीटीएम फाउंडेशन द्वारा एक ऑक्सीजन प्लांट लगाने का आश्वासन दिया गया था। सोमवार को तुर्की से ऑक्सीजन प्लांट पं. दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय में पहुंच गया है। इस प्लांट से प्रति मिनट 250 लीटर ऑक्सीजन की आपूर्ति हो सकेगी। आईसीयू एवं वार्ड के 50 बेड को 24 घंटे आपूर्ति दी जा सकती है। बाहर से ऑक्सीजन मंगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। प्लांट से बच्चों के लिए प्रस्तावित आईसीयू को भी जोड़ा जा रहा है। तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए बच्चों के लिए आईसीयू बनाए जा रहे हैं। अस्पताल के सीएमएस डॉ. एसके उपाध्याय ने बताया कि ऑक्सीजन प्लांट आ गया है। इसकी कीमत करीब 60 लाख से अधिक है। तकनीकी विशेषज्ञ भी साथ हैं। प्लांट स्थापित कर रात में ट्रॉयल होने की उम्मीद है। इस प्लांट से 50 बेड पर 24 घंटे ऑक्सीजन की आपूर्ति हो सकती है।
अस्पताल में लगाए जाएंगे और दो प्लांट
पं. दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय में दो और ऑक्सीजन प्लांट लगने हैं। दोनों प्लांट निजी सहयोग से लगेंगे। सीएमएस डॉ. एसके उपाध्याय ने बताया कि अस्पताल में दो प्लांट और लगाए जाएंगे। एक की क्षमता 570 एवं दूसरे की 333 लीटर प्रति मिनट ऑक्सीजन आपूर्ति की होगी।