जवां में फर्जी पेट्रोल पंप पकड़े जाने के बाद पूर्ति विभाग ने संयुक्त जांच टीम बनाकर जिलेभर में चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है। सोमवार को संयुक्त जांच टीम ने चार पेट्रोल पंप पर छापामारी की। इस दौरान पेट्रोल-डीजल की माप सहित गुणवत्ता की चेकिंग की। यह सभी जांच में सही पाए गए। हालांकि जन सुविधाओं को लेकर थोड़ी नाराजगी जाहिर की, जिसमें पेट्रोल पंप पर महिला-पुरुष शौचालय, शुद्ध पेयजल, निशुल्क हवा की सुविधा आदि को लेकर चेताया गया। इन सभी सुविधाओं को जनहित में दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
जिला पूर्ति अधिकारी राजेश कुमार सोनी ने बताया कि एसीएम प्रथम कुंवर बहादुर सिंह, बाट माप निरीक्षक मनोज कुमार सिंह की संयुक्त टीम के पास पूर्ति विभाग ने मैसर्स नरोत्तम मोटर इंजीनियरिंग वर्क्स, तस्वीर महल, राना ऑटोमोबाइल मालगोदाम, कृष्णा ऑटो मोबाइल्स, सराय रहमान जीटी रोड और विशाल पेट्रोलियम, गूलर रोड की जांच की, जिसमें 5 लीटर के स्टैंडर्ड मानक से माप करने पर मात्रा अनुमन्य सीमा में पाई गई तथा गुणवत्ता की जांच के लिए डेंसिटी की जांच की गई। इसके साथ ही स्टॉक रजिस्टर खंगाले गए। यह सभी अनुमन्य सीमा में पाए गए। इसके साथ ही जनसुविधाओं को देखा गया। पेट्रोल पंप संचालकों को महिला-पुरुष शौचालय, शुद्ध पेयजल, निशुल्क हवा की सुविधा आदि को लेकर कहा गया कि इन सभी सुविधाओं को जनहित में दुरुस्त रखा जाए। आग से बचाव के इंतजामों को समय-समय पर परखा जाए। यह अभियान लगातार जारी रहेगा। इस दौरान पूर्ति निरीक्षक प्रमोद कुमार मौजूद रहे।