जिले में रिकॉर्ड तोड़ गेहूं खरीद के बीच बृहस्पतिवार से लागू हुआ नया आदेश किसानों के लिए मुसीबत बन गया। नए आदेश में प्रति किसान गेहूं खरीद की सीमा तय कर दी गई है। अब किसान सरकारी क्रय केंद्र पर 20 क्विंटल से ज्यादा गेहूं नहीं बेच सकेगा। अचानक आए इस आदेश से 15-15 दिन पहले से खरीद टोकन लेकर बैठे किसान मुश्किल में पड़ गए हैं।
जिले में रिकॉर्ड तोड़ गेहूं खरीद
अलीगढ़। शासन ने इस साल गेहूं खरीद लक्ष्य निर्धारित नहीं किया था। बावजूद इसके जिले में रिकॉर्ड तोड़ गेहूं खरीद हुई है। 27 मई तक जिले के 25291 किसानों से 1.11 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदा जा चुका है। इसके एवज में उन्हें 218 करोड़ 78 लाख रुपया भुगतान किया गया। जो पिछले साल के मुकाबले 175 फीसदी अधिक है। बता दें कि पिछले साल 27 मई तक मात्र 65 हजार मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया था।
क्या कहते हैं किसान
बाबूजी, 15 मई को धनीपुर मंडी के सरकारी क्रय केंद्र से गेहूं बेचने का टोकन लिया था। आज बेचने के लिए 90 क्विंटल गेहूं लाया था। लेकिन केंद्र वाले कह रहे हैं 20 क्विंटल से ज्यादा नहीं लेंगे।
भूपेंद्र, गांव बिजोना, लोधा
अगर 20 क्विंटल गेहूं बेचने के आदेश थे तो ज्यादा मात्रा की पर्ची क्यों काटी। हम 95 क्विंटल गेहूं लाये हैं। सभी खरीदा जाना चाहिये।
भुवनेश पचौरी, गांव कुहेना
13 मई को टोकन दिया, 25 मई को बुलाया, 26 मई की छुट्टी की वजह से 183 क्विंटल गेहूं तीन दिन से लिये मंडी में खड़ा हूं। अब कह रहे हैं कि 20 क्विंटल ही खरीदेंगे।
गुड्डू शर्मा, गांव बहमती
जिनके टोकन पहले से कटे हुए हैं, कम से कम उनका गेहूं तो पहले खरीदा जाना चाहिए। अगर ऐसा नहीं होता है तो यह अन्याय है।
राजू, गांव कस्थलीकला
शासन ने गेहूं खरीद की पीओएस मशीन में प्रति किसान 20 क्विंटल की लिमिट तय कर दी है। इससे ज्यादा गेहूँ खरीदने पर उसका भुगतान लटक जाएगा।
विधान जायसवाल, एडीएम वित्त व खरीद के नोडल अफसर