नोटिस देने के लिए पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम। संवाद
गर्मी के मौसम में आगजनी की घटनाओं को रोकने और सुरक्षा मानकों को पुख्ता करने के लिए अग्निशमन विभाग ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। विभाग ने शहर के संत फिदेलिस स्कूल सहित तालानगरी के कई औद्योगिक संस्थानों, सोसाइटियों और अपार्टमेंट्स को नोटिस जारी कर सुरक्षा उपाय दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।
इस संबंध में जवाब मांगा है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) मुकेश कुमार ने बताया कि विभाग विशेष रूप से उन शिक्षण संस्थानों पर ध्यान केंद्रित कर रहा है जहां छात्र संख्या 2500 से अधिक है। बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ऐसे सभी स्कूलों की जांच की जा रही है और उन्हें अनिवार्य रूप से फायर सेफ्टी सिस्टम अपडेट करने के लिए कहा गया है।
अब तक विभाग की ओर से तालानगरी स्थित कई औद्योगिक इकाइयों को नोटिस थमाए जा चुके हैं। इसके साथ ही ऊंची इमारतों और रेजिडेंशियल सोसाइटियों में भी आग बुझाने के उपकरणों की स्थिति जांची जा रही है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा मानकों में कोताही बरतने वाले संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी को तय समय सीमा के भीतर एनओसी प्राप्त करने और उपकरणों को क्रियाशील रखने के निर्देश दिए गए हैं। संत फिदेलिस के फादर रॉबर्ट वर्गीज ने बताया कि इस संबंध में उन्हें कोई जानकारी नहीं है।