शहरी विद्युत वितरण मंडल द्वितीय के अंतर्गत शहरी इलाके में प्रीपेड बिजली मीटर के उपभोक्ताओं के समक्ष पिछले तीन दिन से बेहद असहज स्थिति पैदा हो गई है।
लाल डिग्गी स्थित परिसर में सर्वर फेल होने पर प्रीपेड मीटरों का रिचार्ज नहीं हो पा रहा है। जिससे करीब 200 घरों में तीन दिन से अंधेरा है। विभाग का कहना है कि प्रीपेड मीटर का काम कर रही कंपनी एचसीएल द्वारा सर्वर लखनऊ से नोएडा स्थानांतरित किया जा रहा है। इसके चलते यह स्थिति बनी है। लेकिन उपभोक्ताओं की दलील है कि इसके लिए रिचार्ज की वैकल्पिक व्यवस्था क्यों नहीं की गई। गौरतलब है कि प्रीपेड मीटर में रिचार्ज समाप्त होने के बाद स्वयं ही बिजली कट हो जाती है।
बिजली चोरी रोकने और बिजली उपभोक्ताओं को गलत बिलिंग आदि के झंझट से बचाने के लिए सरकार ने प्रीपेड मीटर योजना की शुरूआत की थी। इसमें एक किलोवाट से लेकर कामर्शियल श्रेणी तक के कनेक्शन हैं। शहर में एक अनुमान के मुताबिक अब तक एक हजार प्रीपेड मीटर लग चुके हैं। यह मीटर थोड़े महंगे जरूर हैं लेकिन इनकी बिलिंग पर कुछ छूट भी है। प्रीपेड मीटर में रिचार्ज समाप्त होने के बाद अभी तक केवल लाल डिग्गी कार्यालय परिसर में ही चार्जिंग कूपन की सुविधा है। निजामी पुलिया निवासी अदनान कहते हैं कि पिछले तीन दिन से सर्वर ठप है। जिससे करीब 200 परिवारों के यहां अंधेरा हो गया है।
रेस्टोरेंट के एसी ठप, ग्राहकों ने बनायी दूरी
प्रीपेड मीटर घरों में ही नहीं बल्कि होटलों आदि में भी लगे हुए हैं। रिचार्ज न होने से परेशान बरौला मार्केट पर रेस्टोरेंट संचालक मो. फैजल ने बताया कि रीचार्ज न होने पर पूरे होटल की बिजली ठप है। एसी काम नहीं कर रहे हैं। इससे कारोबार प्रभावित हो रहा है।