कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाड़ी रिंकू सिंह का कहना है कि उन्होंने अंतरराष्ट्रीय गेंदबाज नहीं, बल्कि उनकी गेंदें देखकर चौके-छक्के लगाए। आईपीएल खेलकर लौटे रिंकू सिंह महुआ खेड़ा स्थित अलीगढ़ क्रिकेट स्कूल में अभ्यास में जुट गए। उन्होंने ‘अमर उजाला’ के साथ आईपीएल के अपने अनुभव साझा किए।
बुधवार को रिंकू सिंह ने बताया कि इस बार आईपीएल में उनका बल्ला चला और रन बने। चोट से उबरने के बाद उन्होंने घरेलू सीरीज में अच्छा किया। उसके बाद उनके लिए आईपीएल भी शानदार रहा। इसके लिए उन्होंने खूब मेहनत की थी। मेहनत रंग लाई। लखनऊ जायंट्स से नजदीक आकर हारने के सवाल पर उन्होंने कहा कि हार-जीत खेल का हिस्सा है। अगर टीम जीत जाती तो खुशी की बात होती। बल्लेबाजी के दौरान उनका उत्साह वेस्टइंडीज के खिलाड़ी सुनील नारायन बढ़ा रहे थे।
रिंकू सिंह ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी जेसन होल्डर, मार्कस स्टोइनिस को नहीं, उनकी गेंदें देखकर वह बल्लेबाजी कर रहे थे। कोच ब्रैडन मैकुलम ने उनका हौसला बढ़ाया। किस नंबर पर बल्लेबाजी करनी है, वह उन्हें बता देते थे। अभिनेता आमिर खान के प्रशंसा करने के सवाल पर कहा, बहुत अच्छा लग रहा है कि इतने बड़े कलाकार ने उनकी तारीफ की है। रिंकू सिंह ने महुआ खेड़ा में जूनियर खिलाड़ियों को टिप्स भी दिए। खिलाड़ियों ने उनसे आटोग्राफ और उनके साथ सेल्फी भी ली। वह दो दिन के बाद रणजी ट्रॉफी खेलने के लिए लखनऊ रवाना होंगे।