पावना मैदान पर गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी मुरादाबाद और इंदिरा गांधी यूनिवर्सिटी मीरपुर रेवाड़ी के बीच करीबी मुकाबला हुआ। गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी मुरादाबाद ने यह मैच तीन विकेट से जीता। एएमयू एथलेटिक ग्राउंड पर गुरुग्राम यूनिवर्सिटी हरियाणा ने पहले खेलते हुए 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 131 रन बनाए। जवाब में डॉक्टर राम मनोहर लोहिया अवध यूनिवर्सिटी अयोध्या की टीम 18.4 ओवर में 128 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। गुरुग्राम ने मात्र तीन रनों के अंतर से रोमांचक जीत हासिल की।
जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट पर 193 रन बनाए। जवाब में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी ऑफ हरियाणा राय सोनीपत 20 ओवर में आठ विकेट खोकर केवल 127 रन ही बना सकी। कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी ने यह मैच 66 रनों से जीत लिया।
मुख्यमंत्री के शुभकामना संदेश पर एएमयू ने दिया धन्यवाद
एएमयू गेम्स कमेटी के सचिव प्रो. सय्यद अमजद अली रिजवी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा भेजे गए शुभकामना संदेश के लिए हार्दिक धन्यवाद व्यक्त किया। प्रो. रिजवी ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह संदेश न केवल खिलाड़ियों के उत्साह में वृद्धि करता है, बल्कि विश्वविद्यालय की खेल संस्कृति को और अधिक सुदृढ़ करने की प्रेरणा भी प्रदान करता है।
सचिव प्रो. रिजवी ने विश्वविद्यालय जिम्नेजियम के प्रशिक्षक मज़हर उल कमर को निर्देश दिया है कि मुख्यमंत्री के इस प्रेरणादायी संदेश को आगामी यूनिवर्सिटी गेम्स कमेटी की स्मारिका में प्रकाशित किया जाए। इस अवसर पर आयोजन सचिव प्रो. मोहम्मद शमीम, पूर्व रणजी खिलाड़ी मोहम्मद असलम अली, कोच फैसल शेरवानी, मोहम्मद तहमीद, अनीस उर रहमान खान, सरदार हुसैन, सरफराज खान, अरशद महमूद, सूरज कुमार आदि मौजूद रहे।