फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अलीगढ़ : आज शाम छह बजे थम जाएगा चुनाव प्रचार का शोर

विज्ञापन
विज्ञापन
विधानसभा चुनाव में पहले चरण में बृहस्पतिवार को होने वाले मतदान को लेकर चल रहा चुनाव प्रचार मंगलवार शाम छह बजे थम जाएगा। जिले की सातों विधान सभा क्षेत्रों में अब प्रत्याशी बिना किसी शोरशराबे के बुधवार शाम तक घर-घर जाकर मतदाताओं से जनसंपर्क कर सकेंगे। 14 जनवरी को विधानसभा चुनाव की अधिसूचना जारी हुई थी। 21 जनवरी तक नामांकन, 27 जनवरी को नाम वापसी व चुनाव चिन्हों का प्रत्याशियों को आवंटन हुआ था। हालांकि इस बार प्रत्याशियों को चुनाव प्रचार के लिए बेहद कम समय मिला है और वे केवल 12 दिनों तक ही अपना चुनाव प्रचार कर पाए हैं। इस दौरान मतदाताओं को रिझाने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी है। विभिन्न राजनीतिक दलों के स्टार प्रचारकों ने भी यहां आकर अपने-अपने प्रत्याशियों को जिताने की अपील की है।
विज्ञापन

जिले की खैर, बरौली, अतरौली, छर्रा, कोल, शहर व इगलास विधानसभा में इस बार कुल 60 प्रत्याशी चुनाव मैदान में आमने-सामने हैं। जिसमें अतरौली व शहर विधानसभा क्षेत्र से 11-11, छर्रा से 10, कोल से नौ, खैर व बरौली से सात-सात व सबसे कम इगलास से पांच प्रत्याशियों के बीच चुनावी मुकाबला हो रहा है। इन प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला जिले के 27.64 लाख मतदाता करेंगे। इनमें 14,72,833 पुरुष व 12,91,930 महिला मतदाता शामिल हैं। बुधवार को धनीपुर मंडी से पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। चुनाव के लिए 1629 मतदेय स्थल व 3134 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं।
इन पर नजर
- जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 27.64 लाख।
- जिले में 14.72 लाख पुरुष मतदाता हैं।
- जिले में 12.91 लाख महिला मतदाता।
- 18 से 19 साल तक के करीब 49 हजार नए मतदाता।
-
जिले के वोटरों की आयु वर्ग के आधार पर स्थिति
आयु, कुल मतदाता, प्रतिशत
- 18 से 19, 48748, 1.79
- 20 से 29, 669588, 24.54
- 30 से 39, 719985, 26.38
- 40 से 49, 525366, 19.25
- 50 से 59, 406460, 14.89
- 60 से 69, 232224, 8.51
- 70 से 79, 115743, 4.24
- 80 से अधिक, 46820, 1.72
विधानसभा वार मतदाताओं की स्थिति विधानसभा, पुरुष, महिला, अन्य, कुल मतदाता
खैर, 215685, 187808, 22, 403515
बरौली, 201377,177786, 41, 379204
अतरौली, 214714,186792, 10, 401516
छर्रा, 206187,180580, 24, 386791
कोल, 214345, 190365, 27, 404737
शहर, 201319, 185167, 33, 395519
इगलास, 210206, 183432,14, 393652
चुनाव में इस बार खास
- मतदान सुबह आठ बजे से शाम छह बजे तक होगा। इस बार एक घंटे का समय बढ़ाया गया है।
-इस बार मतदाता पर्ची पर मतदाता की फोटो नहीं होगी।
-शहर व कोल विधानसभा में हिंदी के साथ उर्दू मतदाता सूची का भी प्रयोग होगा।
- पहली बार 50 प्रतिशत संवेदनशील व अति संवेदनशील बूथों की वेबकास्टिंग होगी।
- पहली बार पोलिंग बूथों पर कोविड हेल्प डेस्क स्थापित होगी। जहां मास्क, सैनिटाइजर, थर्मल स्कैनर आदि मौजूद रहेंगे। यहां आंगनबाड़ी व आशा कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।
विज्ञापन

- कोरोना से बचाव के लिए मतदान के समय मतदाताओं को ईवीएम बटन दबाने पर ग्लब्स दिए जाएंगे।
- कोरोना पीड़ित या लक्षण वाले मतदाताओं को मतदान समापन से एक घंटे पहले मतदान का अवसर मिलेगा। इसके लिए उन्हें बूथ पर ही पीपीई किट उपलब्ध कराई जाएगी।
- दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा के लिए बूथ पर ट्राई साइकिल उपलब्ध रहने के साथ उनकी मदद के लिए दो वालंटियर तैनात रहेंगे।
- पोलिंग बूथ पर पहुंचने पर यह पता चलता है कि आपका वोट पहले ही डल चुका है तो उसके लिए मतदाता टेंडर वोट मांगकर अपना वोट डाल सकते हैं।
-----------
इनकी मदद से कर सकते हैं चुनाव में मतदान
विधानसभा चुनाव में जिन मतदाताओं के पास मतदाता फोटो पहचान पत्र उपलब्ध नहीं हैं वे वैकल्पिक दस्तावेजों के जरिये अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। चुनाव आयोग ने इसके लिए विकल्प जारी किए हैं। वे आधार कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, बैंक, डाकघर से जारी की गई फोटोयुक्त पासबुक, श्रम मंत्रालय की योजना के तहत जारी स्वास्थ्य बीमा, स्मार्ट कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, एनपीआर के तहत आरजीआई से जारी स्मार्ट कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज, केंद्र व राज्य सरकार के लोक उपक्रम, पब्लिक लिमिटेड कंपनियों के अपने कर्मचारियों को जारी किए गए फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र, सांसदों, विधायकों, विधान परिषद सदस्यों को जारी किए गए सरकारी पहचान पत्र, यूनिक डिसएबिलिटी आईडी (यूडीआईडी) कार्ड, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार से जारी पहचान पत्र को दिखा कर मतदान कर सकते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें