जिला जज द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि यह प्रकरण दीवानी परिसर में मर्यादा, अनुशासन व सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता पैदा करता है। जांच रिपोर्ट में घटना दीवानी की सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मियों व यूपीएसएसएफ की ओर से गंभीर चूक का संकेत देती है। जिले के बाहर से पुलिस के अनाधिकृत प्रवेश को रोकने में विफलता और सुरक्षा प्रोटोकॉल का अनुपालन न करने का खुलासा हुआ है।
इसे लेकर एसएसपी को निर्देश दिया है कि बिना पूर्व अनुमति आए नोएडा पुलिस कर्मियों के अनधिकृत प्रवेश और मनमानी गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई कर जिम्मेदारी तय करें। कथित अवैध गिरफ्तारी व कदाचार गंभीर चिंता का विषय है। सभी दोषी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए और तीन दिन में विस्तृत अनुपालन रिपोर्ट सौंपी जाए।
यह भी पढ़ें.. Aligarh: नोएडा पुलिस के खिलाफ वकीलों में गुस्सा, मुकदमे की उठी आवाज, आंदोलन की दी चेतावनी
कमांडेंट यूपीएसएसएफ को निर्देश दिया है कि की ड्यूटी में लापरवाही, सतर्कता की कमी और अनाधिकृत पुलिस प्रवेश को प्रतिबंधित करने में विफलता के लिए यहां तैनात यूपीएसएसएफ कर्मियों के खिलाफ आंतरिक कार्रवाई की जाए। कमांडेंट लापरवाह अधिकारियों व कर्मचारियों की पहचान करेंगे। उन पर अनुशासनात्मक कार्रवाई कर तीन दिन कार्रवाई रिपोर्ट देंगे। साथ में भविष्य में इस तरह कोई अनाधिकृत प्रवेश न करे, इस पर सतर्कता व सत्यापन किया जाएगा। इसे लेकर एसएसपी, कमांडेंट एसएसएफ ध्यान देंगे। साथ में एसएसपी अलीगढ़ नोएडा एसएसपी को आवश्यक कार्रवाई के लिए सूचना देंगे।
अब दीवानी में सभी वाहनों के प्रवेश बंद
दि अलीगढ़ बार एसोसिएशन के अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह व सचिव दीपक बंसल ने जिला जज की ओर से जारी आदेश के क्रम में बताया कि यह आदेश नोटिस बोर्ड पर चस्पा कर दिया गया है। साथ में जिला जज की ओर से यह भी तय किया गया है कि अब सोमवार से दीवानी में पुलिसकर्मियों, अधिवक्ताओं, वादकारियों व कर्मचारियों के वाहन प्रवेश नहीं करेंगे। अधिवक्ता व कर्मचारी अपने पहचान पत्र के साथ ही दीवानी में प्रवेश करेंगे।