महाशिवरात्रि पर्व पर कांवड़ियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अलीगढ़ जिला प्रशासन ने 25 फरवरी को नुमाइश के रंगारंग आयोजन बंद रखने का फैसला लिया है। इस दौरान कोहिनूर मंच, कृष्णांजलि नाट्यशाला और मुक्ताकाश मंच में होने वाले कार्यक्रम व अन्य प्रकार के आयोजनों को स्थगित कर दिया है। यह आयोजन अब महाशिवरात्रि के बाद 27 फरवरी और अन्य तारीखों में होंगे।
महाशिवरात्रि पर कांवड़िये रामघाट और नरौरा से गंगाजल लाकर मुख्य रूप से खेरेश्वर धाम पहुंच कर जलाभिषेक करते हैं। कांवड़िये तस्वीर महल, जेल रोड पुल, नुमाइश मैदान से होकर जीटी रोड पर पहुंचते हैं। यहां से तहसील कोल तिराहा, सारसौल चौराहे होते हुए खेरेश्वर मंदिर पहुंचेंगे। यह पूरा रोड भीड़ से भरा रहता है। नुमाइश की भीड़ और यहां से गुजरने वाले कांवड़ियों की सुरक्षा को देखते हुए ही 25 फरवरी को नुमाइश के आयोजन बंद रखने का फैसला लिया गया है।
जिलाधिकारी संजीव रंजन ने बताया कि 25 फरवरी को कोहिनूर मंच पर होने वाली नाइट भी आगामी दिनों के लिए स्थगित कर दी गई है। यह फैसला कांवड़ियों की सुरक्षा को देखते हुए लिया गया है।