एएमयू वीमेंस कॉलेज स्टूडेंट यूनियन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के अधिष्ठापन समारोह में छात्राओं की स्वतंत्रता एवं हक की गूंज सुनाई दी। उपाध्यक्ष फरहीन शेरवानी ने कहा कि हम लोकतांत्रिक मुल्क में रहते हैं।
हमें प्राइवेसी मिलनी चाहिए। किसी को हक नहीं हैं कि वह हमारे वाट्सएप चेक करें। वहीं अध्यक्ष नगमा शरीफ ने हॉस्टल के खाने पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जब हॉस्टल में बिल्ली जैसा खाना मिलता है तो शेर की दहाड़ कहां से निकले।
इस मौके पर कुलपति जमीरउद्दीन शाह ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। वहीं कुलपति की पत्नी सबीहा सीमी शाह ने सभी को माला पहनाकर शुभकामनाएं दी।
अध्यक्ष नगमा शरीफ ने कुलपति की तरफ मुखातिब होते हुए कहा कि सर आप अपने आप को वालिद कहते हैं तो क्या कभी बेटियों के साथ खाना खाय है। उन्होंने कहा कि यहां व्यक्तित्व विकास का इंतजाम होना चाहिए ताकि जब छात्राएं कैंपस से बाहर निकले तो रुतबे को देखते हुए लोग कहें कि देखो वीमेंस कॉलेज की छात्रा जा रही है।
इस दौरान हॉस्टल की छात्राओं को नाश्ते में दूध नहीं मिलने एवं घटिया खाने का मुद्दा मजबूती से पेश किया गया। उपाध्यक्ष फरहीन शेरवानी ने साफ कर दिया कि पंखा-लाइट उनके चुनावी घोषणा पत्र में न शामिल था।
यह काम प्रशासन का है और वही करे। इन्फ्रास्ट्रक्चर के चक्कर में पड़े तो कुछ नहीं कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि छात्राएं भूल जाएं कि वह घर में सोएंगी और हमलोग उनकी हाजिरी के लिए लड़ेंगे।
जायज मांगोेेेें को लेकर ही हम लड़ाई लड़ेंगे। सचिव उत्बा इसरार शेख ने नमाज रूम एवं हेल्दी भोजन एवं छात्राओं की अन्य समस्याओं को मजबूती से उठाया। प्रिंसिपल प्रो. नईमा खातून ने कहा कि हम सभी मिलकर छात्राओं की समस्याओं का समाधान करेंगे। मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. रूही आबिदा, प्रो. रोमाना सिद्दीकी आदि मौजूद थी।
संचालन बीए फर्स्ट ईयर की छात्रा अलीना खान ने किया।