िरटायर्ड रेलवे कर्मी को दिनदहाड़े बस से खींचकर दो लाख लूटे
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
शुक्रवार को अलीगढ़-पलवल मार्ग पर लुटेरों ने पुलिस के इकबाल को खुला चैलेंज दिया। बिल्कुल किसी फिल्मी सीन की तरह दोपहर के 12 बजे निजी बस के आगे बाइक लाकर गाड़ी रुकवाई।
एक लुटेरा आगे और दूसरा पीछे के गेट से तमंचा लहराते हुए बस के अंदर घुसा। लोगों को धमकी देते हुए एक सीट पर बैठे रिटायर्ड रेलवे कर्मी को खींचकर बस से नीचे उतारकर तलाशी शुरू कर दी।
विरोध पर पीटने लगे। बचाने के लिए आगे बढ़ी दो सवारियों को भी पीटा। कर्मचारी की जेब में रखे दो लाख रुपये लूटे और बाइक स्टार्ट कर गौमत की ओर भाग निकले।
यह रुपये रिटायर्ड बैंक कर्मी हरिओम शर्मा निवासी गांव सोफाखेड़ा ने खैर स्थित स्टेट बैंक शाखा में अपने खाते से निकाले थे। 25 नवंबर को बेटी की शादी के लिए सामान खरीदने के लिए रुपये निकाले थे।
पत्नी सुनीता देवी भी साथ थी। खैर में कुछ खरीदारी भी उन्होंने की थी। इसके बाद निजी बस से गांव जा रहे थे। गौमत-सुजानपुर के बीच देवी मंदिर के निकट सवारी उतारने के लिए बस रुकी थी तभी पीछे से आए लुटेरों ने बस के आगे बाइक खड़ी की और बस में चढ़ गए।
सोफाखेड़ा निवासी सत्यवीर एवं एक अन्य यात्री के विरोध करने पर उन्हें भी पीटा। हरिओम शर्मा रेलवे में फिटर थे। दो माह पूर्व ही सेवानिवृत्त हुए थे। लूट की इस खबर पर पुलिस दौड़ पड़ी।
इंस्पेक्टर, सीओ ओपी सिंह, एसपी ग्रामीण डा. ब्रजेश कुमार सिंह भी मौके पर पहुंच गए। बैंक में सीसीटीवी फुटेज पुलिस ने खंगाले। सीओ के अनुसार लूट की रिपोर्ट दर्ज हो गई है। लुटेरों की तलाश जारी है।