अलीगढ़। जिला विज्ञान क्लब के तत्वावधान में व अमर उजाला अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स के सहयोग से बरौली रोड स्थित एचआई इंटर कॉलेज में दो दिवसीय ‘लोगों के लिए विज्ञान’ विषय पर थीम पर विज्ञान जागरूकता कार्यक्रम हुआ।
कार्यक्रम के पहले दिन मुख्य अतिथि महापौर मोहम्मद फुरकान ने कहा कि विज्ञान के बिना जीवन असंभव है। देश की प्रगति के लिए बच्चों में वैज्ञानिक सोच पैदा करने और विज्ञान की खोजों का सदुपयोग करने की आदत डालने की आवश्यकता है। विशिष्ट अतिथि व गाजियाबाद के क्षेत्रीय विज्ञान अधिकारी सुरेश चंद्र शर्मा ने कहा कि देश में लगभग 45 प्रतिशत वैज्ञानिक के पद रिक्त हैं।
विज्ञान व प्रौद्योगिकी मंत्रालय का प्रयास है कि बच्चों में विज्ञान के प्रति जागरूकता बढ़े। विशिष्ट अतिथि वित्त लेखाधिकारी मुरारीलाल ने कहा कि हमें अपने पुराने वैज्ञानिकों से सीखना चाहिए। उन्होंने किन अभावों व कठिन परिस्थितियों में कार्य किया और नए-नए आविष्कार किए। डीएस कॉलेज के पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. एके चौहान ने कहा कि जिस तरह की हमारी सोच होती है, हम उसी प्रकार से कार्य करते हैं।
जिला विज्ञान क्लब समन्वयक राजीव अग्रवाल ने कहा कि जूनियर वर्ग के छात्र-छात्राओं ने विज्ञान प्रदर्शनी, वायु प्रदूषण, जल संरक्षण, ऊर्जा के उपयोग व संरक्षण पर आधारित माडल व सीनियर वर्ग के छात्र-छात्राओं ने ठोस अपशिष्ट, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य पर आधारित माडल प्रदर्शित किए। इसमें जिले के 40 विभिन्न विद्यालयों के लगभग 450 छात्र-छात्राओं व अध्यापकों ने प्रतिभाग किया।
निर्णायक मंडल में नीलम शर्मा, सुरेंद्र कुमार, पीयूष दत्त, डॉ. समीना फाजली, प्रो. मोहम्मद अनीस, ललित कुमार, डॉ. एके चौहान, नाजिया अहमद, ललिता रहीं। संचालन अलबरकात इंस्टीट्यूट की छात्रा प्रीती ठाकुर व रूबी यादव ने किया।
अमर उजाला अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स के तहत अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में आठ मार्च को शाम 5:30 बजे अचल ताल पर दीप प्रज्ज्वलन होगा। दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम को लेकर महिलाएं उत्साहित हैं।
कार्यक्रम का हिस्सा बनने के लिए महिलाएं अपनी सहमति दे रही हैं। कार्यक्रम में भारी संख्या में स्वयंसेवी, शैक्षिक, सांस्कृतिक संगठन की पदाधिकारी व सदस्य शामिल हो रही हैं।