महारानी अहिल्याबाई होल्कर स्पोर्ट्स स्टेडियम में टेबल टेनिस खिलाड़ियों को कोच के अभाव में अभ्यास करना पड़ रहा है। खिलाड़ियों का कहना है कि प्रशिक्षक नहीं होने से तकनीकी कमियों को दूर करने में कठिनाई होती है, जिससे उनकी तैयारी प्रभावित हो रही है।
खिलाड़ी अजय यादव ने बताया कि कोच न होने से खेल में सुधार की रफ्तार धीमी पड़ गई है। तकनीकी गलतियों को खुद समझकर सुधारना पड़ता है, जिससे अभ्यास की गुणवत्ता प्रभावित होती है।
खिलाड़ी कुशाग्र ने कहा कि स्टेडियम के टेबल टेनिस हॉल में केवल दो टेबल हैं। इसके कारण एक साथ अधिक खिलाड़ी अभ्यास नहीं कर पाते। यदि प्रशिक्षण की बेहतर व्यवस्था हो तो सभी खिलाड़ियों को पर्याप्त समय और अवसर मिल सकेगा।
आदित्य सिंह ने कहा कि यदि दो और टेबल उपलब्ध करा दी जाएं और कोच की नियुक्ति हो जाए तो अलीगढ़ के खिलाड़ी बेहतर तैयारी कर राष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।
जिला टेबल टेनिस संघ के सचिव सर्वेश कुमार ने बताया कि टेबल टेनिस हॉल का आकार भी छोटा है, जिससे अभ्यास प्रभावित होता है। उनका कहना है कि हॉल का विस्तार कर तीन-चार अतिरिक्त टेबल लगाई जाएं तो अधिक खिलाड़ी एक साथ अभ्यास कर सकेंगे और प्रशिक्षण की गुणवत्ता में सुधार होगा।
जिला क्रीड़ा अधिकारी पूनम लता ने बताया कि टेबल टेनिस कोच की नियुक्ति के लिए निदेशालय को प्रस्ताव भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि स्टेडियम में अतिरिक्त टेबल उपलब्ध हैं, लेकिन स्थान की कमी के कारण उनका उपयोग नहीं हो पा रहा है।