फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Aligarh News: वार्ड-1 में विकास की राह अटकी, श्मशान घाट और नाले की मांग वर्षों से लंबित

विज्ञापन
विज्ञापन
नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड संख्या-1 के अंतर्गत आने वाले पटपड़ नगला, रूपा नगला और जयसिंह नगला के लोग आज भी मूलभूत सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से मांग उठाने के बावजूद श्मशान घाट, नाला निर्माण, जलनिकासी और विद्यालय की सुरक्षा जैसी समस्याओं का समाधान नहीं हो सका है।
विज्ञापन

ग्रामीणों के अनुसार पटपड़ नगला और जयसिंह नगला में अब तक स्थायी श्मशान घाट का निर्माण नहीं कराया गया है। इसके चलते अंतिम संस्कार के लिए लोगों को वन विभाग की भूमि या अन्य स्थानों का सहारा लेना पड़ता है। कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से श्मशान घाट बनवाने की मांग की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
पटपड़ नगला स्थित प्राथमिक विद्यालय भी बदहाल स्थिति में है। विद्यालय की चहारदीवारी न होने से असामाजिक तत्व परिसर में घुसकर बिजली की केबल काट देते हैं, बरामदे में बैठकर शराब पीते हैं और गंदगी फैलाते हैं। विद्यालय परिसर में बने शौचालयों के गेट, सीट और टाइल्स तक क्षतिग्रस्त कर दिए गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार चहारदीवारी के निर्माण की मांग की गई, लेकिन आज तक कोई कदम नहीं उठाया गया।
विज्ञापन

विद्यालय के सामने खाली पड़ी भूमि पर भारी वाहन खड़े होने से बच्चों के आवागमन में भी दिक्कत होती है। अभिभावकों ने बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए इस समस्या के समाधान की मांग की है।
वहीं, बरसात के दौरान नहर में पानी बढ़ने पर जयसिंह नगला में जलभराव की गंभीर स्थिति पैदा हो जाती है। पानी घरों तक पहुंच जाता है, जिससे लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। ग्रामीणों ने करीब 500 मीटर लंबे कच्चे नाले के निर्माण की मांग करते हुए कहा है कि इससे बरसाती पानी की निकासी सुचारु होगी और जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी।
...
अंतिम संस्कार वन विभाग या सिंचाई विभाग की जमीन पर करना पड़ता है। बरसात के समय में अंतिम संस्कार करने में कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है। -महेंद्र सिंह

पटपड़ नगला में स्थायी श्मशान घाट बनाया जाए। साथ ही प्राथमिक विद्यालय की चहारदीवारी बनवाकर स्कूल एवं बच्चों को सुरक्षा प्रदान की जाए। -महेंद्र कुमार
बरसात के समय गांव में जलभराव हो जाता है। रूपा नगला से श्मशान घाट काफी दूर है। वहां तक पहुंचने के लिए लगभग एक किलोमीटर से अधिक दूरी तय करनी पड़ती है। -प्रेमवती देवी
रूपा नगला में श्मशान घाट के सुंदरीकरण, जयसिंह नगला और पटपड़ नगला में श्मशान घाट बनवाने की मांग उच्च अधिकारियों से कई बार की गई है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। -जितेंद्र कुमार, सभासद वार्ड नंबर-1
..................................
वार्ड नंबर-1 एक नजर में
आबादी-3500 से अधिक
कुल मतदाता-1980
पटपड़ नगला, रूपा नगला और जयसिंह नगला को मिलाकर बनता है वार्ड नंबर-1
दो सरकारी स्कूल मौजूद हैं, प्राथमिक और उच्च
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की दूरी दो किलोमीटर
..................................
-प्रमुख मांगें-
-पटपड़ नगला, जयसिंह नगला में स्थायी श्मशान घाट बने
-रूपा नगला में श्मशान घाट का सुंदरीकरण किया जाए
-जय सिंह नगला से करवन नदी तक लगभग 500 मीटर कच्चे नाले का निर्माण किया जाए



कल शनिवार को अमर उजाला के अंक में खैर-अलीगढ़-पलवल मार्ग पर स्थित तिरंगा तिराहे से पुराने बिजली घर तक उड़ने वाली धूल की समस्या पर खबर प्रकाशित की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें