खाटू श्याम की निशान यात्रा मीनाक्षी पुल स्थित इमली वाली गली से शुरू हुई खाटू श्याम नरेश की निशान यात्रा, गांधी नेत्र चिकित्सालय, अतरौली अड्डा, किशनपुर तिराहा, केला नगर तिराहा, क्वार्सी चौराहा होते हुए ताला नगरी की ओर रवाना हुई।
श्री खाटू श्याम सेवा समिति के तत्वावधान में 15 मार्च को निकली भव्य निशान यात्रा ने पूरे शहर को भक्ति और उत्साह के रंग में रंग दिया। आसमान में उड़ते अबीर-गुलाल, खाटू नरेश के जयकारों की गूंज और सैकड़ों श्रद्धालुओं के हाथों में लहराते निशानों के साथ पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। मीनाक्षी पुल स्थित इमली वाली गली से शुरू हुई खाटू श्याम नरेश की निशान यात्रा, गांधी नेत्र चिकित्सालय, अतरौली अड्डा, किशनपुर तिराहा, केला नगर तिराहा, क्वार्सी चौराहा होते हुए ताला नगरी की ओर रवाना हुई।
विज्ञापन
यात्रा का मुख्य आकर्षण सबसे पीछे चल रहा सुसज्जित रथ रहा, जिसमें सतरंगी फूलों से सजे भगवान खाटू श्याम विराजमान थे। जैसे ही रथ आगे बढ़ता, श्रद्धालु दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए उमड़ पड़ते। सड़क किनारे खड़े भक्त हाथ जोड़कर बाबा श्याम के दर्शन करते और जयकारे लगाते नजर आए। निशान यात्रा में महिलाओं के साथ भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। महिला, पुरुष और बच्चे निशान यात्रा में बाबा श्याम के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। आस्था ऐसी की बैंडबाजों पर बज रहे श्याम बाबा के गीतों पर महिलाएं और युवतियां थिरकते हुए चल रही थी।
निशान यात्रा जहां-जहां से गुजरी, वहां स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर बाबा श्याम का स्वागत किया। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा आरती उतारी गई और प्रसाद का वितरण भी किया गया। श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों की धुन पर झूमते-गाते हुए बाबा श्याम के जयकारे लगा रहे थे। कई आकर्षक और नयनाभिराम झांकियां निकाली गईं, जो भक्तों के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। पूरे मार्ग में भक्ति गीतों और जयकारों की गूंज सुनाई देती रही, जिससे माहौल पूरी तरह आध्यात्मिक हो गया। खाटू श्याम की भव्य निशान पदयात्रा में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। महिला-पुरुष श्रद्धालु श्याम प्यारे के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। जिससे धार्मिक छठा बिखरती नजर आई।