निरंकारी भक्तों ने मंगलवार को अपने सद्गुरू निरंकारी बाबा हरदेव सिंह महाराज के जन्मदिन को गुरूपूजा दिवस के रूप में मनाया लेकिन तरीका था अनोखा और प्रयास रहा मंगलकारी। उनके हाथों में पूजा की थाली की जगह झाड़ू थी, जिन्हें लेकर अस्पतालों को साफ करने में लगे थे।
मीडिया प्रभारी पूर्ण प्रकाश शर्मा ने बताया कि शहरी विकास मंत्रालय और स्वास्थ्य मंत्रालय ने सूची देकर देश के 108 शहरों के 114 अस्पतालों की सफाई का अग्राह किया था। जिसे संत निरंकारी चेरिटेबिल फाउंडेशन ने सहज स्वीकार लिया।
मलखान सिंह जिला अस्पतल, पं. दीन दयाल संयुक्त चिकित्सालय और मेडिकल कॉलेज में मंगलवार सुबह करीब 8 बजे से निरंकारी भक्तों ने सफाई अभियान चलाया। जिसका उद्घाटन मेयर शकुंतला भारती और निरंकारी जिला संयोजक पीतंबर प्रसाद शर्मा ने झाडू लगाकर किया।
इसके बाद सभी निरंकारी भक्त सफाई में जुट गए। मीडिया प्रभारी ने बताया कि इस सफाई अभियान की मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल तारीक मंसूर ने सराहना भी की है। इस दौरान जीएस गगन, धर्मेंद्र जौहरी, सुरेश कुमार, इंदू शर्मा, प्रेमपाल सिंह आदि मौजूद रहे।