केंद्रीय मंत्रालय में तैनात एक कर्मचारी परिवार पर नौ लाख की ठगी का आरोप लगा है। यह आरोप दीवानी में प्रेक्टिसरत अधिवक्ता ने एसएसपी को दी शिकायत में लगाया है। साफ-साफ कहा गया है कि फरीदाबाद में रीयल इस्टेट कंपनी में रकम लगवाने के नाम पर 9 लाख रुपये लिए। इसके एवज में एक फर्जी चेक भी दिया। मगर अभी तक न तो रकम वापस हुई और अब धमकियां भी दी जा रही हैं। इस पर एसएसपी ने जांच व कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
पीड़ित अधिवक्ता किशन कुमार सिंह निवासी साक्षी विहार रामघाट रोड क्वार्सी ने कहा है कि क्वार्सी इलाके में ही रहने वाले परिचित परिवार में युवक केंद्रीय मंत्रालय में तैनात है, जबकि उनके दामाद फरीदाबाद में रहते हैं। एक दिन इस परिवार ने दामाद की रीयल इस्टेट कंपनी में रकम लगाने और बड़ा मुनाफा देने का लालच देकर कई किस्त में वर्ष 2014 में नौ लाख रुपये ले लिए। कुछ रकम नगद तो कुछ बैंक एकाउंट में दी गई।
इसकी एवज में विश्वास बतौर एक चेक भी दिया गया। जो बाद में बैंक ने फर्जी घोषित कर दिया। काफी समय बाद तक जब रकम नहीं मिली तो उन्होंने खुद अपने दामाद के घर से स्विफ्ट कार लाकर यह कहते हुए दी कि यह 2.25 लाख कीमत की है। बाकी रकम जल्द दे दी जाएगी। अब उस कार के खरीद संबंधी दस्तावेजों पर भी हस्ताक्षर नहीं कर रहे।